Follow Us:

आईजीएमसी में न्यूक्लियर मेडिसिन ब्लॉक का उद्घाटन, हिमाचल में पहली बार सरकारी PET Scan सुविधा शुरू

➤ मुख्यमंत्री सुक्खू ने आईजीएमसी शिमला में न्यूक्लियर मेडिसिन ब्लॉक का उद्घाटन किया
➤ राज्य में पहली बार सरकारी क्षेत्र में PET Scan सुविधा शुरू
SPECT-CT मशीन के लिए ₹8 करोड़ की घोषणा, स्वास्थ्य ढांचे में ₹3,000 करोड़ से अधिक निवेश का ऐलान



शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी), शिमला में न्यूक्लियर मेडिसिन ब्लॉक का उद्घाटन किया। इसके साथ ही प्रदेश में पहली बार सरकारी क्षेत्र में पॉजिट्रॉन एमिशन टोमोग्राफी (PET) स्कैन की सुविधा शुरू हो गई है, जिससे मरीजों को अब जांच के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अत्याधुनिक सुविधा रोगों का प्रारंभिक स्तर पर मेटाबॉलिक और मॉलिक्यूलर जांच करने में सक्षम है। पारंपरिक तकनीकों जैसे CT और MRI जहां बाद के चरण में संरचनात्मक बदलाव दिखाती हैं, वहीं PET Scan बहुत पहले शारीरिक परिवर्तनों का पता लगा सकता है।

यह सुविधा विशेष रूप से कैंसर के स्टेज निर्धारण, उपचार के प्रभाव का आकलन, बीमारी की पुनरावृत्ति का पता लगाने और रोग के पूर्वानुमान में अहम भूमिका निभाएगी। मस्तिष्क, फेफड़े, स्तन, थायरॉयड, कोलोरेक्टल और अन्य जटिल कैंसर के निदान में यह तकनीक बेहद उपयोगी मानी जाती है। इसके अलावा इसका उपयोग हृदय रोग, न्यूरोलॉजी, संक्रमण और सूजन संबंधी बीमारियों के मामलों में भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में अत्याधुनिक तकनीकों को शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि हाल ही में आईजीएमसी में 3 टेस्ला MRI मशीन भी शुरू की गई है। आने वाले समय में राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य संस्थानों के तकनीकी उन्नयन के लिए ₹3,000 करोड़ से अधिक निवेश किया जाएगा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने आईजीएमसी में SPECT-CT Scan मशीन स्थापित करने के लिए ₹8 करोड़ की घोषणा भी की।