➤ दिग्गज गायिका Asha Bhosle का 92 वर्ष की आयु में निधन
➤ सीने में संक्रमण और अत्यधिक थकान के बाद अस्पताल में थीं भर्ती
➤ सोमवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में होगा अंतिम संस्कार
भारतीय संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। अपनी खनकती आवाज और सात दशकों से अधिक लंबे करियर से करोड़ों दिलों पर राज करने वाली दिग्गज गायिका Asha Bhosle अब हमारे बीच नहीं रहीं। रविवार, 12 अप्रैल 2026 को मुंबई में उन्होंने 92 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार की ओर से बताया गया था कि वह अत्यधिक थकान और सीने में संक्रमण से जूझ रही थीं। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन रविवार को उनका निधन हो गया।
उनके बेटे आनंद भोसले ने निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार सुबह 11 बजे लोअर परेल स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर रखा जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे दादर के शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
‘दम मारो दम’, ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘चुरा लिया है तुमने’ और ‘मुझे नौलखा मंगा दे रे’ जैसे अनगिनत गीतों से उन्होंने संगीत प्रेमियों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी। उनकी आवाज आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा अमर रहेगी।



