Follow Us:

शिमला के समरहिल में दर्दनाक हादसा, कार खाई मेंं गिरी चंडीगढ़ के 2 युवकों की खाई में गिरने से मौत, छ‍ह थे सवार

समरहिल में कार पार्क करते समय अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिरी
कार में 6 लोग सवार थे, हादसे से कुछ सेकंड पहले 4 लोग उतर गए
चंडीगढ़ के मलोया निवासी बारा सिंह और गुरमीत सिंह की मौत


शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के समरहिल क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चंडीगढ़ के दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार कार पार्क करते समय संतुलन बिगड़ने से वाहन करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद कार खाई में पड़ी।

जानकारी के मुताबिक कार में कुल 6 लोग सवार थे। इनमें से 4 लोग गाड़ी रुकने से कुछ क्षण पहले नीचे उतर गए, जिससे उनकी जान बच गई। इसके बाद ड्राइवर और एक अन्य युवक कार को पार्क करने के लिए पीछे मोड़ रहे थे। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे सड़क किनारे से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा।

मृतकों की पहचान बारा सिंह और गुरमीत सिंह के रूप में हुई है, जो चंडीगढ़ के मलोया कॉलोनी के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार हादसा समरहिल के MI रूम क्षेत्र के पास हुआ।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षित बचे चार लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद देर रात दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला। शवों को पोस्टमार्टम के लिए IGMC शिमला भेजा गया, जिसके बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन को रिवर्स करते समय नियंत्रण खोने की बात सामने आई है।