➤ बिलासपुर के बरठीं से संबंध रखने वाले अक्षय ठाकुर को मुंबई BJYM में अहम पद
➤ हिमाचली कला, संस्कृति और पहाड़ी भाषा से गहरा जुड़ाव
➤ मुंबई में बसे लगभग 3 लाख हिमाचलियों की आवाज उठाने का संकल्प
धर्मशाला, 14 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए गर्व की खबर है। बिलासपुर जिला के बरठीं से संबंध रखने वाले 29 वर्षीय अक्षय ठाकुर को मुंबई भाजपा युवा मोर्चा (BJYM) का सचिव नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति युवा नेतृत्व में उनके बढ़ते राजनीतिक प्रभाव और सक्रिय भूमिका को दर्शाती है।
अक्षय ठाकुर का परिवार कई दशकों से मुंबई में रह रहा है। जानकारी के अनुसार, उनके दादा लगभग 100 वर्ष पहले एक जर्मन कंपनी में नौकरी के लिए मुंबई आए थे और बाद में वहीं बस गए। उनके पिता अजित सिंह ठाकुर ने मुंबई में अपना व्यवसाय स्थापित किया। पारिवारिक जड़ों के बावजूद अक्षय अपनी हिमाचली पहचान से गहराई से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी से एमवीए (MVA) की डिग्री प्राप्त की। पढ़ाई पूरी करने के बाद कुछ समय निजी कंपनी में कार्य किया, लेकिन बाद में राजनीति को अपना करियर चुना। वर्तमान में उनकी माता मीरा ठाकुर भी मुंबई महिला मोर्चा में उपाध्यक्ष के पद पर सक्रिय हैं।
अक्षय ठाकुर का कहना है कि वह अपनी हिमाचली जड़ों, कला, संस्कृति और पहाड़ी भाषा से मजबूती से जुड़े हुए हैं। इसी कारण वह साल में दो से तीन बार हिमाचल आते रहते हैं। उन्होंने कहा कि वह अपना राजनीतिक भविष्य महाराष्ट्र में ही देख रहे हैं और मुंबई को अपनी राजनीतिक कर्मभूमि बनाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई में करीब तीन लाख हिमाचली परिवार बसे हुए हैं, जिनकी आवाज को वह मजबूती से उठाएंगे और हिमाचल व महाराष्ट्र की संस्कृतियों को और करीब लाने का प्रयास करेंगे।



