➤ सीएम सुक्खू का व्यस्त दौरा, शिमला में नहीं रहेंगे उपलब्ध
➤ हाईकोर्ट में पंचायत चुनाव आरक्षण रोस्टर पर आज अहम सुनवाई
➤ प्रदेश में मौसम बदलेगा, मैदानी इलाकों में बढ़ेगी गर्मी
शिमला। हिमाचल प्रदेश में आज का दिन कई मायनों में खास रहने वाला है, जहां एक ओर राजनीतिक हलचल तेज है तो दूसरी ओर न्यायिक और मौसम से जुड़े बड़े घटनाक्रम भी सामने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सोमवार और मंगलवार को भी शिमला में आम लोगों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के बाद सोमवार को वह कोलकाता से चंडीगढ़ पहुंचेंगे और वहां से दोपहर बाद शिमला आएंगे, लेकिन कुछ देर रुकने के बाद ही शाम को कांगड़ा के लिए रवाना हो जाएंगे।
मंगलवार को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहेगा। वह ज्वालामुखी और फतेहपुर विधानसभा क्षेत्रों में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ज्वालामुखी में विद्युत डिविजन-कम-सब डिविजन कार्यालय भवन की आधारशिला रखी जाएगी, जबकि फतेहपुर में मिनी सचिवालय भवन का उद्घाटन किया जाएगा। इसके अलावा ब्यास नदी पर 800 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए भूमि पूजन भी किया जाएगा, जो संसारपुर टेरेस और सथाना को जोड़ेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे और फिर शाम को जम्मू के लिए रवाना होंगे, जहां राज्यपाल के परिवार में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होना है। 22 अप्रैल को वह वापस शिमला लौटेंगे।
इस बीच प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर भी हलचल तेज हो गई है। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में सोमवार को पंचायत चुनाव के आरक्षण रोस्टर को चुनौती देने वाली कई याचिकाओं पर सुनवाई होगी। सात अप्रैल को जारी किए गए रोस्टर को लेकर आरोप लगाए गए हैं कि इसमें नियमों की अनदेखी की गई और जनसंख्या के वास्तविक आंकड़ों को नजरअंदाज किया गया। यह मामला जस्टिस विवेक सिंह ठाकुर और जस्टिस रंजन शर्मा की बेंच में सुना जाएगा। हाईकोर्ट पहले ही राज्य सरकार और स्टेट इलेक्शन कमीशन को नोटिस जारी कर चुका है और आज दोनों पक्ष अपना जवाब दाखिल करेंगे।
इस सुनवाई पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि एक पंचायत का रोस्टर बदलने से अन्य पंचायतों में भी बदलाव संभव है। ऐसे में जिन वार्डों और पंचायतों में आरक्षण लागू हुआ है, वहां के लोगों को फैसले से राहत की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट ने 31 मई से पहले हर हाल में चुनाव कराने के निर्देश दिए हैं, जिसके चलते राज्य चुनाव आयोग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और जल्द ही चुनाव तिथियों का ऐलान हो सकता है। प्रदेश की 3757 पंचायतों और 73 नगर निकायों में मतदान होना है, जिनमें चार नगर निगमों के चुनाव भी शामिल हैं।
वहीं दूसरी ओर मौसम भी करवट ले रहा है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने के संकेत हैं और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक उछाल आ सकता है। ऊना में तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। हालांकि पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम अभी भी सुहावना बना हुआ है, जिससे पर्यटक बड़ी संख्या में हिमाचल का रुख कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 23 अप्रैल तक मौसम साफ रहेगा, जबकि 24 अप्रैल से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हल्की बारिश के आसार हैं।



