Follow Us:

चाकू से हमला कर रस्‍सी से दबाया गला और मरा समझ जंगल में फेंका ड्राइवर, टैक्सी और सोने की अंगूठी भी ले गए, आरोपी गिरफ्तार

कांगड़ा में टैक्सी चालक पर जानलेवा हमला, लूट के बाद जंगल में फेंका
आरोपियों ने चाकू से वार कर रस्सी से गला दबाया, टैक्सी भी लूटी
पुलिस ने दोनों आरोपी गिरफ्तार किए, नशे से जुड़ा एंगल सामने



कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दो युवकों ने एक टैक्सी चालक पर जानलेवा हमला कर उसे लूट लिया और मृत समझकर जंगल में फेंक दिया। आरोपियों ने न सिर्फ चालक को गंभीर रूप से घायल किया, बल्कि उसकी टैक्सी, नकदी और सोने की अंगूठी भी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल को दो युवकों ने टैक्सी को गगरेट जाने के लिए बुक किया था। रास्ते में कलोहा के पास किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद आरोपियों ने चालक को सुनसान रास्ते की ओर जाने के लिए मजबूर किया। सुनसान इलाके में पहुंचते ही उन्होंने चालक पर चाकू से हमला कर दिया और फिर रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या करने की कोशिश की। आरोपी उसे मृत समझकर कांगड़ा-ऊना सीमा के सिगरा दा भरो जंगल में फेंककर फरार हो गए।

घटना के बाद चालक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने तुरंत गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान अमित कौशल (23) और सुरेश कुमार (19) निवासी टिहरी, तहसील खुंडियां के रूप में की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से चालक को अचेत अवस्था में बरामद किया, जिसके बाद उसे तुरंत टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी घटना के बाद टैक्सी को होशियारपुर में छोड़कर भाग गए थे। संबंधित थाना से वाहन मिलने की सूचना भी पुलिस को मिली थी। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी नशे के आदी हैं और पहले भी चालक की टैक्सी किराए पर लेकर ले जाते रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी ज्वालामुखी आरपी जसवाल के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं है। वहीं एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

यह घटना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ते अपराध को लेकर कई सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोग भी इस घटना से सहमे हुए हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।