Follow Us:

हिमाचल में भीषण गर्मी, ऊना का पारा 40 डिग्री पार, आज भी राहत के आसार नहीं

हिमाचल के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी, ऊना में पारा 40°C पार
कांगड़ा, धर्मशाला, कुल्लू समेत कई शहरों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर
25 अप्रैल से बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट, राहत की उम्मीद



हिमाचल प्रदेश में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है और मैदानी इलाकों में हालात भीषण गर्मी में बदलते नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया, जिससे लोगों को दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। आज भी गर्मी सताएगी। 25 को राहत मिलने के आसार हैं।

ऊना में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक है। गौरतलब है कि ऊना में अप्रैल महीने का अब तक का रिकॉर्ड तापमान 30 अप्रैल 2022 को 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसी तरह कांगड़ा में तापमान 36.4 डिग्री, धर्मशाला में 33.0 डिग्री और कुल्लू के भुंतर में 33.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से काफी अधिक है।

गर्मी का असर अब केवल मैदानी इलाकों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मध्यम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। शिमला में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री और मनाली में 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कई डिग्री अधिक है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि पूरे प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है और गर्मी का दायरा बढ़ता जा रहा है।

पिछले एक सप्ताह से लगातार खिल रही तेज धूप के कारण ऊना, कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर और सिरमौर जिलों के निचले इलाकों में दिन के समय लू जैसे हालात बन गए हैं। लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हालांकि राहत की खबर यह है कि मौसम जल्द करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर अगले चार दिनों तक प्रदेश में देखने को मिलेगा। इसके चलते चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।

25 अप्रैल को पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है और चंबा, कांगड़ा, कुल्लू व मंडी जिलों में आंधी-तूफान को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 26 अप्रैल को कांगड़ा और कुल्लू में मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है। यदि बारिश होती है, तो इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।