Follow Us:

10 मई तक शिमला क्लब और 15 जून तक लिफ्ट तक तारकोल बिछाएं, सीएम ने दिए निर्देश


मुख्यमंत्री सुक्खू ने यूटिलिटी डक्ट निर्माण कार्य की समीक्षा की
10 मई तक शिमला क्लब और 15 जून तक लिफ्ट तक तारकोल बिछाने के निर्देश
145 करोड़ की परियोजना से शिमला को तारों के जाल से मिलेगा निजात



शिमला में चल रहे यूटिलिटी डक्ट निर्माण कार्य को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माणाधीन डक्ट के ऊपर तारकोल बिछाने का कार्य शिमला क्लब तक 10 मई और लिफ्ट तक 15 जून तक हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि आम जनता और पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिल सके।

मुख्यमंत्री ने बताया कि शहर में छोटा शिमला से विलीज पार्क तक लगभग 7 किलोमीटर लंबे यूटिलिटी डक्ट का निर्माण किया जा रहा है, जिस पर करीब 145 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि परियोजना को तय समय सीमा में पूरा किया जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।

उन्होंने कहा कि शिमला न केवल हिमाचल की राजधानी है, बल्कि देश का एक प्रमुख पर्यटन स्थल भी है, जहां हर साल लाखों पर्यटक आते हैं। ऐसे में शहर को पेड़ों और सड़कों पर फैले बिजली और केबल तारों के जाल से मुक्त करना जरूरी है, ताकि इसकी प्राकृतिक सुंदरता बरकरार रखी जा सके।

मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि यह परियोजना शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यटन को भी नई दिशा देगी। शिमला को ‘पहाड़ों की रानी’ के रूप में जाना जाता है और इसकी छवि को बेहतर बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।

परियोजना के तहत यह यूटिलिटी डक्ट छोटा शिमला से विलीज पार्क, सचिवालय, लोक भवन से ओक ओवर तक तथा शेर-ए-पंजाब से लोअर बाजार होते हुए सीटीओ और विलीज पार्क तक विस्तारित किया जाएगा। इन डक्ट्स के माध्यम से बिजली, पानी की पाइपलाइन और अन्य केबल्स को भूमिगत किया जाएगा, जिससे शहर का दृश्य आकर्षक बनेगा और अव्यवस्था भी कम होगी।