➤ शिमला में तेज तूफान और कई जिलों में मौसम खराब
➤ 5 जिलों में भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी
➤ अगले 6 दिन तक बारिश, तापमान में गिरावट के आसार
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है और राजधानी शिमला समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम खराब बना हुआ है। मंगलवार सुबह करीब 8:10 बजे शिमला में अचानक तेज तूफान चला, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन साथ ही मौसम में अस्थिरता भी बढ़ गई। वहीं सोलन के कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के पांच जिलों—चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला—में भारी ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले छह दिनों तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है और कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।
इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के और अधिक सक्रिय होने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते कल यानी बुधवार को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में भारी ओलावृष्टि हो सकती है। हालांकि लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
30 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 1 मई को भी प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम खराब बना रहेगा, जबकि 2 मई को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस थोड़ा कमजोर पड़ेगा। इसके बाद 3 मई को फिर से पूरे प्रदेश में बारिश के आसार हैं।
गौरतलब है कि प्रदेश के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से सूखे जैसी स्थिति बन गई थी और मैदानी क्षेत्रों में तेज गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया था। ऊना, कांगड़ा और कुल्लू के भुंतर में पिछले तीन दिनों से हीटवेव जैसी स्थिति महसूस की जा रही थी। ऐसे में अब बारिश से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
तापमान की बात करें तो ऊना का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि बिलासपुर में पारा 38 डिग्री दर्ज किया गया। कई शहरों में तापमान सामान्य से 7 डिग्री तक ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है। सोमवार को कांगड़ा का तापमान 36.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 7.1 डिग्री अधिक था।
मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी गर्मी का असर साफ दिख रहा है। शिमला का तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक होकर 27.5 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि मनाली में भी तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाओं से तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।



