Follow Us:

नगर निगम चुनाव: हिमाचल में BJP की आज बड़ी बैठक: टिकट फाइनल होगे, कल से नामांकन

शिमला में BJP की बड़ी बैठक, 4 नगर निगम चुनाव पर मंथन
64 वार्डों में प्रत्याशियों के टिकट आज हो सकते हैं फाइनल
कल से नामांकन प्रक्रिया शुरू, तेज हुई चुनावी सरगर्मियां



हिमाचल प्रदेश में नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की आज शिमला में अहम बैठक होने जा रही है, जिसमें चार नगर निगम—सोलन, मंडी, धर्मशाला और पालमपुर—के 64 वार्डों में पार्षद पद के उम्मीदवारों के चयन पर मंथन किया जाएगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में कई सीटों पर टिकट फाइनल किए जा सकते हैं, क्योंकि कल से नामांकन प्रक्रिया शुरू होने वाली है।

इस महत्वपूर्ण बैठक के लिए पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा बीती शाम ही शिमला पहुंच चुके हैं। बैठक में न केवल उम्मीदवारों के नाम तय किए जाएंगे, बल्कि सत्तारूढ़ कांग्रेस को घेरने की रणनीति पर भी चर्चा होगी। भाजपा इन चुनावों को बेहद गंभीरता से ले रही है, क्योंकि दिसंबर 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले इन्हें सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा है।

चारों नगर निगमों में कुल 64 वार्डों के लिए 17 मई को मतदान प्रस्तावित है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा ने प्रत्येक वार्ड के लिए तीन-तीन संभावित उम्मीदवारों का पैनल तैयार किया है, जिनमें से अंतिम नाम आज की बैठक में तय किए जाएंगे। पार्टी की कोशिश है कि अधिकतर सीटों पर टिकट जल्द घोषित कर दिए जाएं, ताकि उम्मीदवार समय रहते प्रचार अभियान शुरू कर सकें।

बैठक में चुनावी तैयारियों की व्यापक समीक्षा भी की जाएगी। इसमें संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसंपर्क अभियान की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। भाजपा ने इन चुनावों के लिए पहले ही इलेक्शन कमेटी का गठन कर रखा है, जो जमीनी स्तर पर तैयारियों को मजबूत करने में जुटी हुई है।

नगर निगमवार जिम्मेदारियां भी पार्टी ने तय कर दी हैं। धर्मशाला में चुनावी जिम्मेदारी पवन काजल, सुधीर शर्मा और सचिन शर्मा को सौंपी गई है। पालमपुर में विपिन परमार, राजेश ठाकुर, त्रिलोक कपूर और रागिनी को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं मंडी में पायल वैद्य, अनिल शर्मा, इंद्र सिंह गांधी और निहाल चंद शर्मा चुनावी मोर्चा संभालेंगे।

इसी तरह सोलन नगर निगम के लिए संजीव कटवाल, बलवीर वर्मा, रश्मिधर सूद, वंदना योगी, रतन सिंह पाल, डॉ. राजेश कश्यप और शैलेंद्र गुप्ता को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता त्रिलोक जम्वाल ने दावा किया है कि भाजपा इन चुनावों में जिताऊ उम्मीदवार उतारेगी और चारों नगर निगमों में जीत दर्ज कर भगवा लहराएगी।