Follow Us:

हमीरपुर के भूपेंद्र सिंह कंवर बने एयर वाइस मार्शल, सीएम ने दी शुभकमानाएं

हमीरपुर के भूपेंद्र सिंह कंवर बने एयर वाइस मार्शल
भारतीय वायुसेना में पदोन्नति से प्रदेश में गर्व की लहर
हिमाचल की सैन्य परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया



हमीरपुर जिला के ढोह गांव निवासी और भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी एयर कमोडोर भूपेंद्र सिंह कंवर को एयर वाइस मार्शल (Air Vice Marshal) के पद पर पदोन्नत किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे प्रदेश में गर्व और खुशी का माहौल है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे हिमाचल के लिए सम्मान का विषय बन गई है।

भूपेंद्र सिंह कंवर लंबे समय से वायुसेना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और अपने कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित एवं उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उनकी इस पदोन्नति को उनके समर्पण, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र सेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का परिणाम माना जा रहा है।

सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्‍खू ने बधाई संदेश में कहा कि प्रदेश के लिए यह क्षण बेहद गौरवपूर्ण है, क्योंकि हिमाचल प्रदेश हमेशा से देश को बहादुर सैनिक देने के लिए जाना जाता रहा है। भूपेंद्र सिंह कंवर की यह सफलता एक बार फिर राज्य की समृद्ध सैन्य परंपरा को मजबूत करती है और युवाओं को सेना में शामिल होकर देश सेवा के लिए प्रेरित करती है।

उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें देशभर से बधाइयां मिल रही हैं। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना करते हुए कहा कि उनकी सेवाएं आने वाले समय में भी देश और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।