Follow Us:

सवा चार साल के कार्यकाल में हर मोर्चे पर नाकाम रही मोदी सरकार: पाटिल

पी. चंद |

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया है। पाटिल सिरमौर के नाहन में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहीं थी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 2014 लोकसभा चुनाव में जनता से झूठे वादे किए थे उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण का वादा करने वाली बीजेपी 33 फीसदी आरक्षण भी नहीं दे पाई।

विदेश नीति लगातार नाकाम हो रही है। पाकिस्तान हर दिन सीमा पर नापाक हरकतें कर रहा है। चीन भी आए दिन आंखें दिखाता है। नेपाल में चीन के दखल से भारत के रिश्ते पहले जितने मधुर नहीं रहे। मोदी सरकार से सबसे बड़ा छल युवाओं के साथ किया है। हर साल दो करोड़ रोजगार का वादा करने वाली बीजेपी अब तक के कार्यकाल में इससे आधे रोजगार भी नहीं दे पाई।

पाटिल ने कहा कि बड़ी-बड़ी कम्पनियों के बंद होने से रोजगार उल्टा खत्म हुए हैं। किसी के खाते में 15 लाख रुपये नहीं आए। मोदी ने देवभूमि हिमाचल को भी धोखा दिया है। चुनाव के समय किया एक भी वादा पूरा नहीं किया। उद्योगों की रफ्तार बीजेपी सरकार में थम गई है। पाटिल ने कहा कि देश और प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल है। इसलिए कार्यकर्ता जीजान से लक्ष्य 2019 को हासिल करने में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि अपने सात दिन के दौरे में हिमाचल की जनता की नब्ज टटोली है। जनता कांग्रेस को दोबारा सत्ता सौंपना चाहती है।