Follow Us:

HRTC बस में 13 वर्षीय नाबालिग से 130.48 ग्राम चिट्टा बरामद

कांगड़ा में एचआरटीसी बस से 130.48 ग्राम चिट्टा बरामद, पुलिस को बड़ी सफलता
13 वर्षीय नाबालिग के पास मिला नशीला पदार्थ, अमृतसर से बैजनाथ जा रही थी बस
पुलिस नेटवर्क खंगालने में जुटी, रिश्तेदार पर शक गहराया


हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। गगल थाना क्षेत्र के अंतर्गत बनोई पुल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर चेकिंग के दौरान एचआरटीसी बस से 130.48 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है। इस मामले में चौंकाने वाली बात यह रही कि नशीला पदार्थ एक 13 वर्षीय नाबालिग के पास से मिला है।

जानकारी के अनुसार, सीआईए कांगड़ा टीम एएसआई मनजीत सिंह के नेतृत्व में बुधवार रात करीब 9 बजे नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अमृतसर से बैजनाथ जा रही एचआरटीसी बस को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान बस में एक नाबालिग बच्चा अकेला बैठा मिला, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं।

पुलिस ने जब बच्चे के पास मौजूद भूरे रंग के पिट्ठू बैग की जांच की, तो उसमें से 130.48 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में नाबालिग ने खुलासा किया कि यह नशीला पदार्थ उसे अमृतसर में उसके एक रिश्तेदार ने दिया था। आरोपी रिश्तेदार ने बच्चे को बस में बैठाकर कहा था कि आगे चलकर वह उससे यह सामान ले लेगा।

गगल थाना प्रभारी उधम सिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच मुख्य आरक्षी विकास भट्ट को सौंपी गई है। पुलिस अब इस पूरे नशा तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और संबंधित रिश्तेदार की तलाश में जुट गई है।

इस घटना ने एक बार फिर यह चिंता बढ़ा दी है कि नशा तस्कर अब नाबालिगों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे समाज में गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि इस तरह के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।