Follow Us:

मोबाइल फोन पर सरकार ने इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम का देशभर में किया परीक्षण

मोबाइल फोन पर सरकार ने इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम का देशभर में किया परीक्षण
अचानक बीप और चेतावनी संदेश से लाखों यूजर्स चौंके
सरकार ने बताया—यह सिर्फ टेस्ट, घबराने या कार्रवाई की जरूरत नहीं



देशभर में मोबाइल फोन पर अचानक बजने वाली तेज बीप और चेतावनी संदेश ने लाखों लोगों को चौंका दिया। दरअसल, यह कोई वास्तविक आपदा नहीं बल्कि भारत सरकार द्वारा किए जा रहे इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम का परीक्षण था। इस दौरान सेल ब्रॉडकास्ट तकनीक के जरिए यूजर्स के फोन पर एक अत्यंत गंभीर चेतावनी (Extreme Alert) वाला मैसेज भेजा गया, जिसे देखकर कई लोग घबरा गए और स्थिति को लेकर असमंजस में पड़ गए।

शिमला सहित कई शहरों में लोगों के मोबाइल पर यह अलर्ट एक साथ पहुंचा, जिससे कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बन गया। हालांकि, सरकार ने तुरंत स्पष्ट किया कि यह एक मॉक ड्रिल (Mock Drill) का हिस्सा है और इसका उद्देश्य केवल सिस्टम की कार्यक्षमता जांचना है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि इस तरह के संदेश मिलने पर घबराने या किसी तरह की प्रतिक्रिया देने की आवश्यकता नहीं है

सरकार के अनुसार, यह नई स्वदेशी सेल ब्रॉडकास्ट तकनीक भविष्य में बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी। इसके जरिए किसी भी प्राकृतिक आपदा, आपात स्थिति या बड़े खतरे के समय नागरिकों तक तुरंत और सटीक जानकारी पहुंचाई जा सकेगी। यह सिस्टम इंटरनेट या नेटवर्क भीड़ पर निर्भर नहीं रहेगा, जिससे संकट की घड़ी में भी अलर्ट समय पर मिल सकेगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के परीक्षण जन सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम हैं। इससे न केवल तकनीक की विश्वसनीयता बढ़ेगी, बल्कि आम लोगों को भी ऐसे अलर्ट को समझने और सही प्रतिक्रिया देने की आदत पड़ेगी। आने वाले समय में यह प्रणाली आपदा प्रबंधन में गेमचेंजर साबित हो सकती है।