Follow Us:

8-9 मई को राहत, फिर 10-11 को लौटेगी बारिश

➤ चार जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट, तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी
➤ कल से वेस्टर्न डिस्टरबेंस होगा कमजोर, 8-9 मई को मौसम साफ
➤ मई में अब तक 35% ज्यादा बारिश, कई जिलों में रिकॉर्ड तोड़ आंकड़े


शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम लगातार करवट ले रहा है और बारिश व आंधी-तूफान का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश और तूफान की संभावना जताई गई है।

प्रदेश के अन्य ऊंचे और मध्य पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, वेस्टर्न डिस्टरबेंस कल से कमजोर पड़ने की संभावना है, जिससे 8 और 9 मई को मौसम साफ रहने के आसार हैं।

लेकिन यह राहत ज्यादा दिन नहीं टिकेगी। 10 और 11 मई को एक बार फिर पूरे प्रदेश में बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे मौसम का मिजाज फिर बदल सकता है।

पिछले पांच दिनों से लगातार बारिश और ओलावृष्टि का असर तापमान पर साफ नजर आ रहा है। प्रदेश के अधिकांश शहरों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। कई जगहों पर पारा 7 से 8 डिग्री तक गिर गया है।

मई महीने में अब तक सामान्य से 35 फीसदी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। जिला शिमला में 309%, सिरमौर में 348%, ऊना में 331% और सोलन में 346% अधिक वर्षा दर्ज हुई है। वहीं हमीरपुर में 257%, कांगड़ा में 235% और मंडी में 232% ज्यादा बारिश हुई है।

हालांकि कुल्लू में सिर्फ 9% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में सामान्य से कम बारिश हुई है।

मौसम के इस बदले मिजाज ने प्रदेश में तापमान और वर्षा के पैटर्न को प्रभावित किया है, जिससे लोगों को मई में भी ठंड का एहसास हो रहा है।