Follow Us:

सात महीने बाद शिमला से शुरू होंगी उड़ाने, लेकिन किराया इस बार लोगों को चौंकाएगा

सात महीने बाद 10 मई से शिमला एयरपोर्ट पर फिर शुरू होंगी नियमित उड़ानें

दिल्ली और धर्मशाला रूट पर हवाई किराए में 65 से 96 फीसदी तक बढ़ोतरी

छोटे रनवे और पेलोड सीमा के कारण सीमित यात्रियों के साथ उड़ान भरेगा विमान


हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के लोगों और पर्यटन कारोबार से जुड़े व्यापारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। करीब सात महीने से बंद पड़ी हवाई सेवाएं अब फिर बहाल होने जा रही हैं। 10 मई से शिमला के जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे से नियमित विमान सेवाएं शुरू होंगी। एयरलाइन कंपनी एलायंस एयर दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला रूट पर मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन उड़ानों का संचालन करेगी। कंपनी की ओर से एडवांस बुकिंग भी शुरू कर दी गई है।

हालांकि, इस बार यात्रियों को पहले की तुलना में काफी अधिक किराया चुकाना पड़ेगा। बीते वर्ष तक दिल्ली-शिमला रूट पर प्रति सीट रियायती किराया लगभग 4,500 रुपये था, जो अब बढ़कर 7,441 रुपये पहुंच गया है। यानी यात्रियों पर करीब 65 फीसदी अधिक आर्थिक बोझ पड़ेगा। वहीं, शिमला-धर्मशाला रूट पर किराया लगभग दोगुना हो गया है। पहले जहां यात्रियों को करीब 2,100 रुपये खर्च करने पड़ते थे, अब इसके लिए 4,125 रुपये चुकाने होंगे। यह बढ़ोतरी करीब 96 फीसदी मानी जा रही है।

इन दोनों रूटों पर कंपनी का एटीआर-42 (600) विमान उड़ान भरेगा। तकनीकी रूप से यह विमान 48 सीटों वाला है, लेकिन शिमला एयरपोर्ट की भौगोलिक परिस्थितियां, ऊंचाई और छोटे रनवे के कारण विमान को सीमित भार के साथ उड़ाना पड़ता है। यही वजह है कि यात्रियों की संख्या भी तय सीमा में रखी जाएगी।

दिल्ली से शिमला आने वाली उड़ान में विमान लगभग अपनी पूरी क्षमता के साथ करीब 47 यात्रियों को लेकर पहुंच सकता है। मगर शिमला से दिल्ली उड़ान भरते समय पेलोड प्रतिबंध लागू होने के कारण विमान अधिकतम 24 से 28 यात्रियों के साथ ही उड़ान भर सकेगा। इसी तरह शिमला-धर्मशाला और धर्मशाला-शिमला रूट पर भी मौसम और रनवे की स्थिति के आधार पर यात्रियों की संख्या सीमित रहेगी।

दरअसल, 25 सितंबर 2025 को एलायंस एयर और प्रदेश सरकार के बीच विमान सेवा संचालन को लेकर हुआ करार समाप्त हो गया था। इसके बाद कंपनी ने 2 नवंबर 2025 से उड़ान सेवाएं बंद कर दी थीं। हवाई सेवाएं बंद होने से पर्यटन उद्योग, कारोबारी वर्ग और नियमित यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

अब दोबारा उड़ानें शुरू होने से पर्यटन कारोबार को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। गर्मियों के पर्यटन सीजन के दौरान शिमला आने वाले सैलानियों को भी इसका सीधा फायदा मिलेगा।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण शिमला एयरपोर्ट के निदेशक सतीश कुमार ने बताया कि 10 से 20 मई तक के लिए डीजीसीए से स्वीकृत शेड्यूल प्राप्त हो चुका है और एयरपोर्ट पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।