Follow Us:

Petrol-Diesel Price: क्या बढ़ने वाले हैं पेट्रोल-डीजल के दाम? PM मोदी की अपील ने किया इशारा!

➤ प्रधानमंत्री मोदी ने पेट्रोल-डीजल के सीमित इस्तेमाल की अपील की
➤ मेट्रो, कारपूलिंग और इलेक्ट्रिक व्हीकल अपनाने पर दिया जोर
➤ कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच पेट्रोल-डीजल महंगे होने के संकेत


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों तथा अंतरराष्ट्रीय सप्लाई संकट को लेकर बड़ा बयान दिया है। पीएम मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि वे पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल कम करें और ईंधन बचाने की दिशा में छोटे-छोटे प्रयास करें।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को अब कई बड़े संकल्प लेने होंगे और उनमें सबसे महत्वपूर्ण पेट्रोल-डीजल का संयम से उपयोग करना है। उन्होंने कहा कि जिन शहरों में मेट्रो सुविधा उपलब्ध है, वहां लोगों को अधिक से अधिक मेट्रो का उपयोग करना चाहिए। यदि कार से यात्रा जरूरी हो तो कारपूलिंग को अपनाना चाहिए।

पीएम मोदी ने कहा कि सामान की ढुलाई के लिए रेलवे मालगाड़ियों का अधिक इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने इलेक्ट्रिक व्हीकल को बढ़ावा देने की भी अपील की और कहा कि जिन लोगों के पास ईवी वाहन हैं, वे उनका ज्यादा से ज्यादा उपयोग करें।

प्रधानमंत्री ने वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस और वर्चुअल मीटिंग्स को भी प्राथमिकता देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे विदेशी मुद्रा पर दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में ईंधन बचाकर देश विदेशी मुद्रा की भी बचत कर सकता है।

पीएम मोदी ने कहा कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह पेट्रोल-डीजल की खपत कम कर देश की मदद करे। उन्होंने इसे देशभक्ति से जोड़ते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी देश के लिए बड़े योगदान साबित हो सकते हैं।

दरअसल, प्रधानमंत्री की यह अपील ऐसे समय आई है जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल यानी क्रूड ऑयल की कीमतों में भारी उछाल दर्ज किया गया है। कुछ समय पहले तक करीब 70 डॉलर प्रति बैरल बिकने वाला कच्चा तेल अब 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है।

विशेषज्ञों के अनुसार बढ़ती कीमतों के कारण सरकारी तेल कंपनियों पर भारी आर्थिक दबाव बढ़ गया है। रिपोर्ट के मुताबिक कंपनियां फिलहाल पेट्रोल पर करीब 24 रुपये और डीजल पर लगभग 30 रुपये प्रति लीटर का अतिरिक्त बोझ उठा रही हैं।

सूत्रों का मानना है कि आने वाले दिनों में सरकार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी करनी पड़ सकती है, ताकि तेल कंपनियों के नुकसान की भरपाई हो सके।