Follow Us:

16 मई तक हिमाचल में खराब मौसम की चेतावनी

➤ रोहतांग और बारालाचा में ताजा बर्फबारी, कुल्लू में ओलावृष्टि

➤ हिमाचल में 16 मई तक मौसम खराब रहने का अलर्ट जारी

➤ चंबा में 460 गांवों की बिजली ठप, हाईवे पर पत्थर गिरने से हादसा


हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मंगलवार को ताजा बर्फबारी हुई, जबकि कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। रोहतांग दर्रा और बारालाचा में बर्फबारी दर्ज की गई, वहीं कुल्लू घाटी में रुक-रुक कर बारिश और ओलावृष्टि का दौर चलता रहा। दूसरी ओर राजधानी शिमला में दिनभर धूप खिली रही।

मौसम विभाग ने बुधवार को भी प्रदेश में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 16 मई तक प्रदेश में मौसम खराब बना रह सकता है।

मंगलवार को कुल्लू और लाहौल घाटी में लगातार दूसरे दिन भी मौसम बिगड़ा रहा। ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने से ठंड बढ़ गई है। कुल्लू जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में हल्की ओलावृष्टि भी हुई, जिससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ढालपुर में लगे अस्थायी बाजार में भी बारिश और ओलों के कारण कारोबार प्रभावित हुआ।

चंबा जिले में खराब मौसम का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दिया। बीती रात और सोमवार सुबह हुई बारिश के कारण 92 ट्रांसफार्मर बंद हो गए, जिससे करीब 460 गांव अंधेरे में डूब गए। बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

वहीं, भरमौर-पठानकोट हाईवे पर जांघी के समीप बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पालमपुर-होली-चंबा रूट पर चल रही एक निजी बस के फ्रंट शीशे पर पहाड़ी से अचानक पत्थर गिर पड़े। इस घटना में चालक के हाथ में चोट आई, जबकि बस में सवार 45 यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।

उधर, पांगी के लिए चंबा से रवाना हुई टैक्सियों में सवार आठ लोग सचे जोत में करीब दो घंटे तक फंसे रहे। बाद में लोक निर्माण विभाग की मशीनरी ने रास्ता साफ कर टैक्सी को सुरक्षित निकाला।

प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। केलांग में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा कुकुमसेरी में 4.3, ताबो में 5.5, कल्पा में 7.6 और भरमौर में 6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

वहीं मैदानी जिलों में मौसम साफ रहने से दिन के समय गर्मी का असर भी देखने को मिला। ऊना, कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर और सिरमौर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।