➤ हिमाचल में अगले कुछ दिनों में बढ़ेगा तापमान
➤ अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी के आसार
➤ चंबा, कांगड़ा और कुल्लू समेत कई जिलों में अंधड़ का येलो अलर्ट जारी
हिमाचल Pradesh में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। न्यूनतम तापमान में जहां 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है, वहीं अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा होने के आसार जताए गए हैं।
राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार सुबह से तेज धूप खिली रही। मौसम साफ रहने के कारण दिन के समय गर्मी का असर बढ़ने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 18 से 21 मई तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान मैदानी और निचले क्षेत्रों में गर्मी और अधिक बढ़ सकती है।
हालांकि 16, 17 और 22 मई को मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों के लिए 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। सराहन में सबसे अधिक 15 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा सांगला में 3.6 मिलीमीटर, भाभानगर में 2.0 और कल्पा में 0.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
प्रदेश में शुक्रवार को पांवटा साहिब सबसे गर्म स्थानों में शामिल रहा, जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो शिमला में 15.8, सुंदरनगर में 17.0, भुंतर में 13.5, धर्मशाला में 10.9, ऊना में 19.5, मंडी में 18.5, बिलासपुर में 20.0 और पांवटा साहिब में 25 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अभी भी मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना हुआ है। केलांग में न्यूनतम तापमान 3.5, ताबो में 3.2 और कुकुमसेरी में 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने के साथ मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर और तेज हो सकता है।
गर्मी बढ़ने के साथ लोगों ने भी दिन के समय बाहर निकलने में सावधानी बरतनी शुरू कर दी है। विशेषज्ञों ने दोपहर के समय तेज धूप से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।



