Follow Us:

हिमाचल निकाय चुनाव में 11 बजे तक 34 फीसदी मतदान, सुजानपुर सबसे आगे

हिमाचल निकाय चुनाव में 11 बजे तक 34 फीसदी मतदान
सुजानपुर में सबसे ज्यादा 48 प्रतिशत वोटिंग, कई क्षेत्रों में लंबी कतारें
रामपुर में NCC कैडेट्स दिव्यांग मतदाता को परेड कर बूथ तक लाए


हिमाचल Pradesh में नगर निकाय चुनावों को लेकर रविवार को मतदान प्रक्रिया पूरे उत्साह के साथ जारी रही। प्रदेश के 51 शहरी निकायों में सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग ने धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ ली और सुबह 11 बजे तक राज्य में करीब 34 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं। बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले वोटरों में लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर खासा उत्साह नजर आया।

प्रदेश में सबसे ज्यादा मतदान हमीरपुर के सुजानपुर में रिकॉर्ड किया गया, जहां सुबह 11 बजे तक 48 प्रतिशत वोट डाले गए। इसके अलावा चिड़गांव में 47.27 प्रतिशत, जोगिंदरनगर में 37.27 प्रतिशत, सरकाघाट में 35.95 प्रतिशत और रामपुर में 32.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शुरुआती घंटों में ही मतदान का आंकड़ा तेजी से बढ़ने लगा, जिससे चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

शिमला जिला के रामपुर में लोकतंत्र के इस पर्व की एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई, जहां NCC कैडेट्स एक दिव्यांग मतदाता को परेड करते हुए मतदान केंद्र तक लेकर पहुंचे। इस दृश्य ने मतदान के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी का मजबूत संदेश दिया। वहीं मंडी के मॉडल पोलिंग बूथ पर वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। कई जगहों पर विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं ताकि बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

प्रदेश के 4 नगर निगम — मंडी, धर्मशाला, पालमपुर और सोलन — के अलावा 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतों में मतदान जारी है। राज्यभर में लगभग 550 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इन चुनावों में 3 लाख 62 हजार 667 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। कुल 439 पार्षद पदों के लिए 1147 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

मतदान प्रक्रिया दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगी। चुनाव आयोग और प्रशासन की ओर से सुरक्षा और शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कई संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों की मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद शुरू होगी, जबकि नगर निगम चुनावों के परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे। नगर निगम चुनावों में इस्तेमाल ईवीएम मशीनों को मतदान के बाद जिला मुख्यालयों में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा।