➤ हिमाचल निकाय चुनाव में 72 फीसदी से अधिक मतदान
➤ नगर परिषद और नगर पंचायतों की काउंटिंग शुरू, जल्द आएंगे नतीजे
➤ चार नगर निगमों की EVM कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में शिफ्ट
हिमाचल Pradesh के 51 नगर निकायों में रविवार को मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। प्रदेशभर में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दोपहर 3 बजे तक राज्य में 72 फीसदी से अधिक मतदान रिकॉर्ड किया गया। कुछ मतदान केंद्रों से अंतिम रिपोर्ट आनी बाकी है, जिसके बाद मतदान प्रतिशत में और बढ़ोतरी हो सकती है।

मतदान समाप्त होने के बाद प्रदेश के चार नगर निगम — मंडी, सोलन, पालमपुर और धर्मशाला — में इस्तेमाल हुई ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में शिफ्ट कर दिया गया है। इन नगर निगमों के चुनाव परिणाम अब 31 मई को घोषित किए जाएंगे। वहीं 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतों के लिए मतगणना प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और कुछ देर में शुरुआती परिणाम सामने आने शुरू हो जाएंगे।
![]()
प्रदेश में मतदान की रफ्तार लगातार बढ़ती रही। सुबह 9 बजे तक 16 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। इसके बाद 11 बजे तक यह आंकड़ा 33 फीसदी पहुंचा, जबकि दोपहर एक बजे तक 49 फीसदी से अधिक लोगों ने मतदान कर लिया था। अंतिम चरण तक कई क्षेत्रों में मतदान केंद्रों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं।
इन चुनावों में 3 लाख 62 हजार 667 मतदाताओं ने 439 पार्षदों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद किया। कुल 1147 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। प्रदेशभर में लगभग 550 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे।

चुनाव के दौरान कई प्रेरणादायक तस्वीरें भी सामने आईं। मंडी के मॉडल पोलिंग बूथ को आकर्षक तरीके से सजाया गया था, जहां वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। शिमला जिला के रामपुर में NCC कैडेट्स दिव्यांग मतदाता को परेड करते हुए मतदान केंद्र तक लेकर पहुंचे। वहीं सुंदरनगर में 100 वर्षीय कुब्जा देवी और चिड़गांव में 100 वर्ष से अधिक आयु की कौल दासी ने मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।

हालांकि मतदान के दौरान एक दुखद घटना भी सामने आई। चंबा टाउन में वोट डालने जा रहे 75 वर्षीय बुजुर्ग अंजन शर्मा की हार्ट अटैक से मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।
मंडी जिला के कई निकायों में दोपहर एक बजे तक भारी मतदान दर्ज किया गया। नगर निगम मंडी में 49.90 प्रतिशत, नगर परिषद जोगिंद्रनगर में 57.66 प्रतिशत, नेरचौक में 59.80 प्रतिशत, सरकाघाट में 54.52 प्रतिशत और नगर पंचायत करसोग में 62.99 प्रतिशत मतदान हुआ।
प्रदेश में मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण रही। अब सभी की नजरें नगर परिषद और नगर पंचायतों के आने वाले परिणामों पर टिकी हुई हैं, जबकि नगर निगमों के लिए 31 मई तक इंतजार करना होगा।



