- Eternal University, बडू साहिब गर्ल्स हॉस्टल वीडियो मामले में आरोपी गिरफ्तार
- आरोपी का मोबाइल जब्त, फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया
- छात्राओं के विरोध के बाद पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है
- यूनिवर्सिटी प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठे
सिरमौर जिले के बडू साहिब स्थित Eternal University में छात्राओं की गोपनीयता भंग करने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला गर्ल्स हॉस्टल के शौचालय में कथित वीडियो बनाए जाने से जुड़ा है, जिसने पूरे कैंपस में तनाव का माहौल पैदा कर दिया।
एसपी सिरमौर ने बताया कि आरोपी सफाईकर्मी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि क्या किसी तरह की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई थी और यदि की गई थी तो उसे कहीं शेयर तो नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि फिलहाल एक ही आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और पुलिस सभी पहलुओं से गहन जांच कर रही है।
कैसे सामने आया मामला?
जानकारी के अनुसार, यह मामला उपमंडल राजगढ़ के बडू साहिब स्थित Eternal University के गर्ल्स हॉस्टल का है। आरोप है कि हॉस्टल में कार्यरत एक सफाईकर्मी मोबाइल फोन से छात्राओं के वीडियो बनाता था। जैसे ही छात्राओं को इस गतिविधि का संदेह हुआ, हॉस्टल में हंगामा शुरू हो गया और छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया। बताया गया कि आरोपी, जो झारखंड का रहने वाला है, मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सतर्क छात्राओं ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
मोबाइल से डेटा डिलीट करने की भी कोशिश
सूत्रों के अनुसार आरोपी ने अपने फोन से कथित वीडियो को डिलीट करने की कोशिश की थी।
अब पुलिस यह जांच कर रही है कि कहीं यह वीडियो किसी अन्य डिवाइस, सोशल मीडिया या किसी व्यक्ति के साथ साझा तो नहीं किए गए।
प्रबंधन की भूमिका पर सवाल
घटना के बाद यह भी सामने आया कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने शुरुआती समय में इस मामले को आंतरिक स्तर पर निपटाने की कोशिश की। बाद में, छात्राओं के विरोध बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आरोपी के अलावा संबंधित अन्य कर्मचारियों के फोन भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पूरे मामले की छानबीन जारी है और आने वाले समय में कई और खुलासे हो सकते हैं।



