Follow Us:

हिमाचल पंचायत चुनाव में रिकॉर्ड मतदान, 78.81 फीसदी वोटिंग

हिमाचल पंचायत चुनाव के पहले चरण में रिकॉर्ड 78.81 फीसदी मतदान

कुल्लू में सबसे ज्यादा और लाहौल-स्पीति में सबसे कम वोटिंग दर्ज

महिला मतदाताओं ने कई जिलों में पुरुषों से अधिक मतदान किया


हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण में मंगलवार को भीषण गर्मी और लू के बावजूद मतदाताओं ने लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। राज्य में रिकॉर्ड 78.81 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जो वर्ष 2021 के मुकाबले 1.81 फीसदी अधिक है। इससे पहले वर्ष 2015 के पंचायत चुनाव के पहले चरण में 68.59 फीसदी मतदान हुआ था।

राज्य की 1293 पंचायतों में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। मतदाताओं ने प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्यों के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। गांवों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं और लोगों में अपनी पंचायत सरकार चुनने को लेकर खासा उत्साह नजर आया।

इस बार पंचायत चुनाव में महिला मतदाताओं का उत्साह पुरुषों के मुकाबले अधिक देखने को मिला। प्रदेश के 10 जिलों में महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों से ज्यादा रहा। कुल्लू जिला में महिला मतदान प्रतिशत सबसे अधिक करीब 85 फीसदी दर्ज किया गया। वहीं सिरमौर जिले की तिलोरधार पंचायत के धर्मीन बूथ में सबसे अधिक 97 फीसदी मतदान रिकॉर्ड किया गया।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार कुल्लू जिले में सबसे अधिक 84.43 फीसदी मतदान हुआ, जबकि लाहौल-स्पीति में सबसे कम करीब 69.40 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। शिमला, मंडी, सिरमौर और सोलन जैसे जिलों में भी मतदान प्रतिशत 80 फीसदी के आसपास या उससे अधिक रहा।

मतदान समाप्त होने के बाद प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के मतों की गिनती शुरू कर दी गई, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतों की गिनती 31 मई को होगी। आयोग के अनुसार 250 जिला परिषद वार्डों और 1684 पंचायत समिति वार्डों की मतगणना 31 मई को करवाई जाएगी और परिणाम भी उसी दिन घोषित किए जाएंगे।

राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने कहा कि पहले चरण की मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण रही। उन्होंने बताया कि दूसरे और तीसरे चरण का मतदान क्रमशः 28 और 30 मई को होगा। वहीं 31 मई को नगर निगम और जिला परिषद तथा बीडीसी सदस्यों के परिणाम घोषित किए जाएंगे।

➤ किस जिले में कितना मतदान

जिला मतदान प्रतिशत
कुल्लू 84.43%
सिरमौर 83.41%
सोलन 81.06%
चंबा 80.61%
शिमला 80.45%
मंडी 79.80%
ऊना 78.80%
बिलासपुर 77.39%
कांगड़ा 75.81%
किन्नौर 73.59%
हमीरपुर 73.12%
लाहौल-स्पीति 69.40%