➤ धर्मशाला में आईपीएल मुकाबलों से पर्यटन और कारोबार को बड़ा बढ़ावा
➤ होटल, टैक्सी और स्थानीय व्यापार में करोड़ों रुपये की आर्थिक गतिविधियां
➤ अनुराग ठाकुर बोले- हिमाचल स्पोर्ट्स टूरिज्म का बड़ा केंद्र बन चुका है
हमीरपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला में आयोजित आईपीएल 2026 मुकाबलों ने हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला, कांगड़ा, मैक्लोडगंज, पालमपुर और आसपास के क्षेत्रों में इन मुकाबलों के कारण पर्यटन और व्यापार गतिविधियों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) ने छोटे पहाड़ी राज्य हिमाचल को क्रिकेट जगत में अलग पहचान दिलाने के साथ-साथ खेल पर्यटन को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम किया है। धर्मशाला आज देश-विदेश के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक प्रमुख स्पोर्ट्स टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में उभर चुका है।
अनुराग ठाकुर ने आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल और बीसीसीआई का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से हिमाचल प्रदेश को इस बार आईपीएल के चार मुकाबलों की मेजबानी का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों और हिमाचल के विभिन्न जिलों से पहुंचे क्रिकेट प्रेमियों ने इन मैचों का भरपूर आनंद लिया।
उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े आयोजन केवल खेल तक सीमित नहीं रहते, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ हिमाचली संस्कृति और पर्यटन को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए बीसीसीआई, एचपीसीए अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई भी दी।
अनुराग ठाकुर ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य प्रशासनिक एजेंसियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी विभागों ने बेहतर समन्वय और स्मार्ट प्रबंधन के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने बताया कि आईपीएल मुकाबलों के दौरान धर्मशाला में होटल, होम-स्टे, टैक्सी, रेस्टोरेंट, हस्तशिल्प, परिवहन और पर्यटन कारोबार में करोड़ों रुपये का आर्थिक लेन-देन हुआ। पर्यटन और होटल उद्योग से जुड़े आंकड़ों के अनुसार मैचों के दौरान होटल बुकिंग में लगभग छह गुना तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। हजारों क्रिकेट प्रेमियों के आगमन से पूरे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां तेज रहीं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला स्थित एचपीसीए स्टेडियम दुनिया के सबसे खूबसूरत क्रिकेट स्टेडियमों में गिना जाता है। उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में प्रस्तावित भारत-अफगानिस्तान एकदिवसीय मुकाबला भी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और पर्यटन गतिविधियों को और अधिक मजबूती देगा।



