Follow Us:

2400 प्रधान और 2300 उपप्रधान कांग्रेस समर्थित जीते: सुक्खू

  • नगर निकाय चुनाव नतीजों पर सीएम सुक्खू ने भाजपा के दावों को बताया अधूरा आकलन
  • पंचायत चुनावों में 2400 प्रधान और 2300 उपप्रधान कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों के जीतने का दावा
  • जिला परिषद नतीजों को प्रदेश की राजनीतिक दिशा तय करने वाला असली पैमाना बताया

शिमला। हिमाचल प्रदेश में नगर निकाय और पंचायतीराज चुनावों के नतीजों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा द्वारा चुनावी जीत के दावों पर पलटवार करते हुए कहा कि नगर निगम चुनावों के सीमित परिणामों के आधार पर पूरे प्रदेश का राजनीतिक माहौल तय नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि वास्तविक तस्वीर जिला परिषद और पंचायत चुनावों के अंतिम नतीजों से सामने आएगी।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंचायत चुनावों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को व्यापक जनसमर्थन मिला है। उनके अनुसार प्रदेशभर में लगभग 2400 प्रधान और 2300 उपप्रधान कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार विजयी हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में कुल्लू की चार और मंडी की तीन सीटों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को सफलता मिली है। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि जिला परिषद चुनावों के अंतिम नतीजे भी कांग्रेस के पक्ष में आएंगे।

सुक्खू ने कहा कि नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में स्थानीय मुद्दे और क्षेत्रीय नेतृत्व की छवि सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं काउंसलर का चुनाव लड़ चुके हैं और उन्हें इस बात का अनुभव है कि ऐसे चुनावों में स्थानीय समीकरण और उम्मीदवार की व्यक्तिगत छवि निर्णायक साबित होती है।

मुख्यमंत्री ने मंडी नगर निगम चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि वहां मिली सफलता का बड़ा श्रेय स्थानीय विधायक अनिल शर्मा के प्रभाव को जाता है। वहीं धर्मशाला में स्थानीय विधायक सुधीर शर्मा की भूमिका प्रभावी रही। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव किसी एक विधानसभा क्षेत्र तक सीमित होते हैं, इसलिए उन्हें पूरे प्रदेश का जनादेश नहीं माना जा सकता।

सीएम सुक्खू ने कहा कि जिला परिषद चुनाव प्रदेश के लगभग 70 प्रतिशत विधानसभा क्षेत्रों को कवर करते हैं। ऐसे में इन्हीं चुनावों के नतीजों से प्रदेश की राजनीतिक दिशा और जनमत का सही आकलन किया जा सकता है। उन्होंने भाजपा नेता जय राम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा जल्दबाजी में जीत के दावे कर रही है, जबकि पूरी तस्वीर अभी सामने आना बाकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और नशा विरोधी अभियान के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का लाभ कांग्रेस को चुनावों में मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी चुनावी नतीजे सामने आने के बाद कांग्रेस की स्थिति और अधिक मजबूत होकर उभरेगी।

सुक्खू ने भाजपा के अंदरूनी हालात पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भाजपा कई गुटों में बंटी हुई है और सोलन में बिंदल गुट को जीत मिली है, जबकि जय राम ठाकुर हाशिये पर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मंडी नगर निगम को छोड़ दिया जाए तो नगर परिषद, नगर पंचायत और पंचायत चुनावों में कांग्रेस को ही बढ़त मिली है।