➤ 15 साल के वैभव सूर्यवंशी बने भारतीय टीम में चुने जाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी
➤ श्रेयस अय्यर को मिली टी-20 टीम की कप्तानी, सूर्यकुमार यादव बाहर
➤ IPL 2026 में ऑरेंज कैप जीतने वाले वैभव को आयरलैंड, इंग्लैंड दौरे और एशियन गेम्स के लिए मौका
भारतीय क्रिकेट में एक नया इतिहास रचते हुए वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम में चुने जाने वाले अब तक के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। महज 15 साल और 71 दिन की उम्र में वैभव को जून-जुलाई में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज तथा सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
वैभव ने चयन के मामले में भारतीय महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा और महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इससे पहले शेफाली वर्मा 15 साल 220 दिन की उम्र में भारतीय टीम के लिए चुनी गई थीं, जबकि पुरुष क्रिकेट में यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्हें 16 साल 194 दिन की उम्र में भारतीय टीम में जगह मिली थी।
अब यदि वैभव को आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे या एशियन गेम्स में एक भी मुकाबला खेलने का मौका मिलता है तो वह भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा क्रिकेटर भी बन जाएंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड शेफाली वर्मा और सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है।
वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे सीजन में सबसे ज्यादा 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की। उन्होंने इस सीजन में मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर, सुपर स्ट्राइकर और सबसे ज्यादा छक्के लगाने का अवॉर्ड भी जीता। उनके नाम इस सीजन का सबसे तेज शतक भी दर्ज रहा, जो उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों में लगाया था। इसके अलावा तीन बार वह 90 से 100 रन के बीच आउट हुए।
दूसरी ओर, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टी-20 टीम की कमान अब श्रेयस अय्यर को सौंप दी है। श्रेयस को नया कप्तान बनाया गया है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है।
श्रेयस अय्यर की लगभग ढाई साल बाद भारतीय टी-20 टीम में वापसी हुई है। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी टी-20 मुकाबला दिसंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। IPL 2026 में उन्होंने पंजाब किंग्स के लिए 168.81 के स्ट्राइक रेट से 498 रन बनाए थे। उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपना पहला IPL शतक भी लगाया था।
श्रेयस अय्यर का कप्तानी रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। उन्होंने 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को IPL चैंपियन बनाया था, जबकि 2025 में पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया था। इससे पहले 2020 में दिल्ली कैपिटल्स को भी पहली बार फाइनल में पहुंचाया था।
वहीं, भारतीय टीम के पूर्व टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को इस बार टीम से बाहर कर दिया गया है। हालिया खराब फॉर्म को इसकी मुख्य वजह माना जा रहा है। टी-20 विश्व कप 2026 में उन्होंने 9 पारियों में 242 रन बनाए थे, जबकि IPL 2026 में 13 मैचों में केवल 270 रन ही बना सके थे।
हालांकि सूर्यकुमार यादव का कप्तानी रिकॉर्ड शानदार रहा है। उनकी कप्तानी में भारत ने 2026 टी-20 विश्व कप और 2025 एशिया कप का खिताब जीता। उन्होंने 52 टी-20 मैचों में भारत की कप्तानी की, जिनमें से 42 मुकाबलों में जीत हासिल हुई। उनका जीत प्रतिशत 80.76 प्रतिशत रहा।
वैभव सूर्यवंशी के चयन और श्रेयस अय्यर की कप्तानी के साथ भारतीय टी-20 क्रिकेट में एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है। अब सभी की नजरें युवा स्टार वैभव के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू पर टिकी हैं।



