➤ विधायक आरएस बाली ने पायल के इलाज के लिए 5 लाख रुपये की व्यक्तिगत सहायता देने की घोषणा की
➤ चार दिनों में 10 लाख रुपये जुटे, अब भी सहयोग के लिए लोग लगातार आगे आ रहे हैं
➤ गंभीर लिवर बीमारी से जूझ रही नगरोटा बगवां की बेटी को नई जिंदगी दिलाने की मुहिम तेज
कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां की बेटी पायल लीवर की गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। पिता दिहाड़ी करते और बेटी की जिंदगी बचाने के लिए पैसों की दरकार है। आर्थिक तंगहाली इलाज में बाधा बन रही है। हालांकि लोगों के मदद कि हाथ भी उठ रहे हैं।
इस घड़ी में नगरोटा की बेटी के इलाज के लिए जागरूक लोगों ने मुहीम भी छेड़ रखी है। लोग मदद को आ रहे हैं तो इस मुहीम को मजबूती भी मिल रही है। इसी बीच हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के चैयरमेन और स्थानीय (नगरोटा बगवां) विधायक आरएस बाली ने भी बेटी को बचाने के लिए कदम बढ़ाए हैं। बाली स्वयं टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे और पायल का हालचाल जाना। पायल की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेने के बाद आरएस बाली ने उसके इलाज के लिए 5 लाख रुपये की व्यक्तिगत आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इस कदम से न केवल परिवार को बड़ी राहत मिली है, बल्कि पूरे क्षेत्र में उम्मीद की एक नई किरण भी जगी है।
विधायक आरएस बाली ने अस्पताल में उपचार कर रहे डॉक्टरों से पायल की बीमारी, इलाज की प्रगति और आगे की मेडिकल प्रक्रिया को लेकर विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने परिवार से भी मुलाकात कर उन्हें भरोसा दिलाया कि इलाज के रास्ते में आर्थिक तंगी को बाधा नहीं बनने दिया जाएगा। बाली ने कहा कि बेटी पायल के उपचार के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर वह भविष्य में भी परिवार के साथ खड़े रहेंगे।
दरअसल, नगरोटा बगवां के पंचायत ठारू वार्ड नंबर-4 की रहने वाली 20 वर्षीय पायल पिछले करीब पांच वर्षों से गंभीर बीमारी से जूझ रही है। पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ की मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार वह Decompensated Cirrhosis, Primary Sclerosing Cholangitis और Ulcerative Colitis जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित है। चिकित्सकों ने स्पष्ट किया है कि उसकी जान बचाने के लिए लिवर ट्रांसप्लांट ही एकमात्र विकल्प बचा है।
पायल के पिता राज कुमार मेहनत-मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पिछले कई वर्षों से इलाज पर लाखों रुपये खर्च होने के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो चुकी है। परिवार का कहना है कि इलाज में अब तक उनकी लगभग सारी जमा पूंजी खर्च हो चुकी है और अब ट्रांसप्लांट के लिए समाज के सहयोग की आवश्यकता है।
पायल की मदद के लिए शुरू किए गए अभियान को लगातार समर्थन मिल रहा है। स्थानीय लोगों, युवाओं, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न क्षेत्रों के दानदाताओं ने खुलकर सहयोग करना शुरू किया है। जानकारी के अनुसार पिछले केवल चार दिनों में करीब 10 लाख रुपये की सहायता राशि जुट चुकी है। हालांकि ट्रांसप्लांट और इलाज की पूरी प्रक्रिया के लिए लगभग 15 लाख रुपये की आवश्यकता बताई गई है, जिसके चलते अभी भी करीब 5 लाख रुपये की जरूरत बनी हुई है।
आरएस बाली की घोषणा के बाद यह अभियान और तेज होता दिखाई दे रहा है। बड़ी संख्या में लोग सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर रहे हैं और आर्थिक सहायता के लिए आगे आ रहे हैं। कई लोग सीधे परिवार से संपर्क कर मदद पहुंचा रहे हैं, जबकि कई लोग दूसरों को भी इस मुहिम से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। क्षेत्र में यह भावना साफ दिखाई दे रही है कि एक बेटी की जिंदगी बचाने के लिए समाज एकजुट होकर खड़ा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह सहयोग मिलता रहा तो जल्द ही इलाज के लिए आवश्यक पूरी राशि जुटाई जा सकेगी। पायल का परिवार भी लोगों के इस प्रेम, सहयोग और समर्थन के लिए लगातार आभार जता रहा है। परिवार को उम्मीद है कि समाज के सहयोग से उनकी बेटी को नया जीवन मिल सकेगा।
➤ पायल की सहायता के लिए बैंक खाता विवरण
Account Holder: Raj Kumar
Bank Name: HDFC Bank, Nagrota Bagwan
Account Number: 50200118066109
IFSC Code: HDFC0002227
UPI ID: 9816689183@ybl
Phone/WhatsApp: +91 98166 89183
परिवार ने लोगों से अपील की है कि जो भी व्यक्ति आर्थिक सहायता करना चाहता है, वह सीधे उक्त खाते या यूपीआई के माध्यम से सहयोग कर सकता है।



