Follow Us:

गर्मी से राहत या नई मुसीबत? IMD ने जारी किया बड़ा अलर्ट

हिमाचल के कई हिस्सों में बारिश से मौसम हुआ सुहावना
ऊना, बिलासपुर और सोलन में आज हीटवेव का यलो अलर्ट
12 और 13 जून को भारी ओलावृष्टि व तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी


हिमाचल प्रदेश में बीती रात हुई बारिश के बाद मौसम ने करवट ले ली है। राज्य के कई इलाकों में हुई वर्षा से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और पहाड़ों पर मौसम सुहावना हो गया है। इससे प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर पहुंचे पर्यटक भी राहत महसूस कर रहे हैं और ठंडी हवाओं के बीच प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। सराहन में सबसे अधिक 30.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई, जबकि पालमपुर में 9.4 मिमी, रोहड़ू में 8.0 मिमी, मनाली में 6.0 मिमी, कोटखाई में 5.2 मिमी और जोगेंद्रनगर में 1.0 मिमी बारिश हुई। बारिश के कारण रात के तापमान में हल्की गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

हालांकि बुधवार सुबह प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्के बादलों के बीच धूप खिली रही। राजधानी शिमला समेत कई हिस्सों में मौसम साफ नजर आया, लेकिन मौसम विभाग ने मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है। दूसरी ओर मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है।

ऊना, बिलासपुर और सोलन जिले के निचले इलाकों के लिए हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इन क्षेत्रों में तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज रात से एक नया और अपेक्षाकृत मजबूत वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है, जिसका प्रभाव 15 जून तक बना रहेगा। इसके चलते 12 और 13 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भारी ओलावृष्टि और तेज तूफान से फसलों, बागानों और सब्जियों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। किसानों और बागवानों को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। खराब मौसम के कारण आने वाले दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज होने की संभावना है।

मंगलवार को प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर काफी अधिक देखने को मिला। प्रदेश के 11 शहरों का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। ऊना सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक है।

इसके अलावा हमीरपुर के नेरी में 39.1 डिग्री, कांगड़ा में 38.8 डिग्री, मंडी और बिलासपुर में 38 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज हीटवेव के प्रभाव से कुछ क्षेत्रों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।

वहीं प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर मौसम काफी सुहावना बना हुआ है। शिमला का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस, मनाली का 27.2 डिग्री और कुफरी का 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि लाहौल-स्पीति के अधिकांश पर्यटन स्थलों पर तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। यही कारण है कि इन दिनों बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल के पर्वतीय क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं।