Follow Us:

मानसून में किन्नौर जाने वालों के लिए बड़ी खबर, प्रशासन ने बदला रूट प्लान, जानें

➤ निगुलसरी भूस्खलन के चलते NH-5 पर नया ट्रैफिक प्लान लागू

➤ निगुलसरी-नथपा के बीच तय समय पर ही खुलेगा हाईवे, प्रशासन ने जारी की नई टाइम-टेबल

➤ पर्यटकों और वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने व समय देखकर यात्रा करने की अपील


रामपुर/किन्नौर। मानसून के दौरान किन्नौर जिले के निगुलसरी क्षेत्र में लगातार बने भूस्खलन के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (NH-5) पर नया यातायात विनियमन लागू कर दिया है। प्रशासन ने निगुलसरी और नथपा के बीच ढलान स्थिरीकरण (Slope Stabilization) और चट्टान गिरने से रोकने के लिए चल रहे सुरक्षा कार्यों को ध्यान में रखते हुए वाहनों की आवाजाही के लिए नई समय-सारणी जारी की है। अब इस मार्ग पर दिनभर निर्धारित समय के अनुसार ही वाहनों को आने-जाने की अनुमति मिलेगी।

जिला प्रशासन के अनुसार मानसून के दौरान इस क्षेत्र में भूस्खलन और चट्टानें गिरने की घटनाएं लगातार सामने आती हैं। ऐसे में यात्रियों और वाहन चालकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से सुरक्षा कार्यों को भी बिना किसी बाधा के तेजी से पूरा किया जा सकेगा।

नई व्यवस्था के तहत सबसे अधिक असर उन पर्यटकों पर पड़ सकता है जो देश-विदेश से किन्नौर और स्पीति की ओर यात्रा कर रहे हैं। प्रशासन ने सभी पर्यटकों और आम यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले जारी की गई समय-सारणी को ध्यान से देखें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं। इससे अनावश्यक जाम और लंबा इंतजार करने की स्थिति से बचा जा सकेगा।

हाईवे बंद रहने का समय (नो ट्रैफिक टाइम)

  • सुबह 05:30 बजे से 08:30 बजे तक
  • सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक
  • दोपहर 01:30 बजे से 03:30 बजे तक
  • शाम 04:30 बजे से 05:30 बजे तक

हाईवे खुला रहने का समय

  • सुबह 08:30 बजे से 10:30 बजे तक
  • दोपहर 12:30 बजे से 01:30 बजे तक
  • दोपहर 03:30 बजे से 04:30 बजे तक
  • शाम 05:30 बजे से अगले दिन सुबह 05:30 बजे तक (पूरी रात यातायात सुचारु रहेगा)

प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं। निचार और रिकांगपिओ की ओर से आने वाले वाहन चौरा-सोल्डिंग राइट बैंक मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। वहीं रामपुर और चौरा की ओर से किन्नौर जाने वाले वाहन बड़ा कंबा रोड के माध्यम से चौरा डायवर्जन का इस्तेमाल कर सकते हैं।

भावानगर की एसडीएम नेहा नेगी ने बताया कि निगुलसरी क्षेत्र भूस्खलन की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने सभी वाहन चालकों, स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और बंद अवधि के दौरान केवल वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि सुरक्षा कार्य समय पर पूरे किए जा सकें।