Follow Us:

कांगड़ा में बदलाव का समय आ गया: चौधरी सुरेंद्र काकू

कांगड़ा में बदलाव का समय आ गया, जनता मुझे एक मौका दे : चौधरी सुरेंद्र काकू

15 साल के विकास कार्यों का जनता के सामने हिसाब रखें विधायक : काकू

गांव-गांव जाकर जनता से संवाद, कांग्रेस बताएगी वादों की हकीकत : काकू


कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। पूर्व विधायक एवं पूर्व चीफ पार्लियामेंट सेक्रेटरी चौधरी सुरेंद्र काकू लगातार क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों से संवाद स्थापित कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने गांव रहालकड़ में माताओं, बहनों, बुजुर्गों और युवाओं से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास, जनहित के मुद्दों और आगामी राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर अपनी बात रखी।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए चौधरी सुरेंद्र काकू ने कहा कि वह पिछले 25 वर्षों से लगातार जनता की सेवा कर रहे हैं और अब कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में बदलाव की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 15 वर्षों से विधानसभा क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हो पाया और विरोधी विधायक की नीतियों के कारण क्षेत्र पिछड़ता चला गया। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि विकास और खुशहाली के लिए नेतृत्व परिवर्तन पर विचार किया जाए।

पूर्व विधायक ने कहा कि जनता को वर्तमान विधायक से पिछले 15 वर्षों के दौरान मिली करीब 30 करोड़ रुपये की विधायक निधि का हिसाब मांगना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि इस अवधि में कितने युवाओं को रोजगार मिला, कितने गरीब परिवारों के मकान बनाए गए और क्षेत्र के विकास के लिए कौन-कौन से प्रमुख कार्य किए गए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि को अपने कार्यों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखना चाहिए।

चौधरी सुरेंद्र काकू ने दावा किया कि वर्तमान विधायक ने अपना पहला चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ते समय 5 हजार गरीब बेटियों की शादी करवाने, 5 हजार बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने और 5 हजार पक्के मकान बनवाने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि इन वादों को लेकर विधायक को श्वेत पत्र जारी करना चाहिए और जनता को बताना चाहिए कि इनमें से कितने वादे पूरे किए गए।

उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए बड़े-बड़े वादे करना आसान होता है, लेकिन उन्हें पूरा करना भी जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। उन्होंने दावा किया कि वह और कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को इन वादों की वास्तविक स्थिति से अवगत कराएंगे।

पूर्व विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान विधायक पिछले 15 वर्षों में सत्ता में नहीं रहे और जो भी सरकार बनी, उसका विधानसभा के अंदर और बाहर लगातार विरोध करते रहे। उनके अनुसार, इससे क्षेत्र के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। उन्होंने कहा कि जनता अब विकास और सकारात्मक राजनीति चाहती है।

अपने संबोधन के अंत में चौधरी सुरेंद्र काकू ने क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के विकास, रोजगार और खुशहाली के लिए अब बदलाव का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो वह पहले की तरह पूरी निष्ठा के साथ क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए कार्य करेंगे।