➤ ऊना के जवान विशम्बर सिंह का ड्यूटी के दौरान निधन
➤ पीटी के बाद यूनिट लौटते समय आया हार्ट अटैक, अस्पताल में तोड़ा दम
➤ माता-पिता, पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए, आज होगा सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से बेहद दुखद खबर सामने आई है। जिले के मलांगड़ मियां गांव निवासी भारतीय सेना के जवान विशम्बर सिंह (36) का सोमवार को ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत हार्ट अटैक आने से हुई। जवान की अचानक हुई मृत्यु की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार विशम्बर सिंह भारतीय सेना की आर्टिलरी रेजिमेंट में तैनात थे। सोमवार सुबह वह अपनी यूनिट में नियमित पीटी (फिजिकल ट्रेनिंग) में शामिल हुए थे। पीटी पूरी होने के बाद वह साइकिल से यूनिट की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह गिर पड़े। साथी जवानों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
विशम्बर सिंह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी सोनिया देवी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। उनके पिता रसीला राम भी भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। जवान के निधन की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। माता शीला देवी और पत्नी सोनिया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। रिश्तेदार और ग्रामीण लगातार परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।
परिवार के लिए यह दूसरा बड़ा सदमा है। करीब पांच वर्ष पहले विशम्बर सिंह के छोटे भाई का भी निधन हो गया था, जो भारतीय सेना में ही सेवाएं दे रहे थे। अब एक और बेटे के असमय निधन से परिवार गहरे शोक में डूब गया है।
परिजनों के अनुसार जवान विशम्बर सिंह का पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह देहरादून से उनके पैतृक गांव मलांगड़ मियां लाया जाएगा। गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
जवान के निधन पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सांसद अनुराग ठाकुर, कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा तथा पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी नेताओं ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।



