➤ पैरा पंप ऑपरेटर और पैरा फिटर ने आरएस बाली का जताया आभार
➤ विधानसभा में मुद्दा उठाने पर संघर्ष मोर्चा ने कहा- हमारी आवाज़ सरकार तक पहुंची
➤ 8+2 नोटिफिकेशन के बाद अब 6+2 नीति लागू करने की सरकार से मांग
हिमाचल प्रदेश के पैरा पंप ऑपरेटर एवं पैरा फिटर कर्मचारी संघर्ष मोर्चा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर प्रदेश सरकार का आभार जाताया है। खासकर एचपीटीडीसी के चेयरमैन एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली का विशेष धन्यवाद किया है। संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि पूरे प्रदेश के 68 विधायकों में से आरएस बाली ऐसे इकलौते विधायक रहे, जिन्होंने विधानसभा में पूरी मजबूती और बेबाकी के साथ उनके मुद्दे को उठाया। उनकी पहल और निरंतर प्रयासों के चलते सरकार ने उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया और कर्मचारियों को राहत मिली।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधियों ने कहा कि धर्मशाला में आयोजित शीतकालीन विधानसभा सत्र के दौरान आरएस बाली ने पैरा पंप ऑपरेटरों और पैरा फिटरों का मुद्दा प्रभावी ढंग से सदन में रखा। उन्होंने सरकार के समक्ष कर्मचारियों की समस्याओं और लंबे समय से लंबित मांगों को पूरी गंभीरता से उठाया, जिसके परिणामस्वरूप सरकार को उनकी मांगों पर विचार करना पड़ा।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि वे इस अवसर पर मीडिया का भी विशेष धन्यवाद करते हैं। उनका कहना था कि जब भी कर्मचारियों की समस्याएं सामने आती हैं, तो मीडिया ही ऐसा सशक्त माध्यम बनता है जो उनकी आवाज़ सरकार और आम जनता तक पहुंचाता है। इसलिए संघर्ष की इस यात्रा में मीडिया की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
संघर्ष मोर्चा ने कहा कि सरकार द्वारा 8+2 नीति संबंधी नोटिफिकेशन जारी किया जाना कर्मचारियों के लंबे संघर्ष की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस फैसले से प्रदेश के 121 पैरा पंप ऑपरेटर और पैरा फिटर लाभान्वित होंगे। कर्मचारियों ने इसे अपने आंदोलन की बड़ी सफलता बताते हुए आरएस बाली और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
हालांकि संघर्ष मोर्चा ने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई अभी समाप्त नहीं हुई है। कर्मचारियों की मुख्य मांग अब 8+2 नीति को बदलकर 6+2 नीति लागू करने की है। उनका कहना है कि वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों में कर्मचारियों के लिए मौजूदा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि कर्मचारियों के भविष्य और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द 6+2 नीति लागू की जाए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर्मचारी नेताओं ने विश्वास जताया कि जिस प्रकार सरकार ने उनकी पहली मांग को स्वीकार किया, उसी तरह आगामी समय में उनकी शेष मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को उम्मीद है कि सरकार उनके हितों की रक्षा करेगी और उनके लंबे समय से चले आ रहे संघर्ष का स्थायी समाधान निकालेगी। इस दौरान सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री का भी आभार जताया है।
संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों ने अंत में एक बार फिर आरएस बाली का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि यदि उन्होंने विधानसभा में उनकी आवाज़ को मजबूती से नहीं उठाया होता, तो यह उपलब्धि संभव नहीं हो पाती। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों के लिए आरएस बाली द्वारा किए गए प्रयास हमेशा याद रखे जाएंगे।



