Follow Us:

दो HPAS अधिकारियों के तबादले, ग्रामीण आजीविका मिशन को मिला नया CEO

हिमाचल सरकार ने दो HAS अधिकारियों के विभागों में किया बदलाव
सचिन कनवाल से स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन का अतिरिक्त प्रभार वापस लिया गया
सुरेंद्र मोहन को सीईओ स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन का अतिरिक्त जिम्मा सौंपा गया


शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए दो HAS (हिमाचल प्रशासनिक सेवा) अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया है। इस संबंध में मुख्य सचिव केके पंत ने बुधवार को आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। सरकार के इस फैसले के तहत एक अधिकारी से अतिरिक्त जिम्मेदारी वापस ली गई है, जबकि दूसरे अधिकारी को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जारी आदेशों के अनुसार 2009 बैच के HAS अधिकारी एवं मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव सचिन कनवाल से सीईओ, स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन का अतिरिक्त कार्यभार वापस ले लिया गया है। हालांकि, वह पहले की तरह मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव के पद पर अपनी सेवाएं देते रहेंगे।

वहीं, ग्रामीण विकास विभाग में अतिरिक्त निदेशक के पद पर कार्यरत सुरेंद्र मोहन को स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन (SRLM) का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। उन्हें यह जिम्मेदारी अतिरिक्त प्रभार के रूप में दी गई है। इसके साथ ही वह अतिरिक्त निदेशक, ग्रामीण विकास का अपना वर्तमान दायित्व भी निभाते रहेंगे।

सरकार के इस प्रशासनिक निर्णय को विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय और प्रभावी संचालन की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। आदेश जारी होने के साथ ही दोनों अधिकारियों के नए दायित्व तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।

सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार आने वाले दिनों में IAS अधिकारियों के स्तर पर भी बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कर सकती है। माना जा रहा है कि विभिन्न विभागों में प्रशासनिक जरूरतों के अनुसार जल्द ही नए तबादला आदेश जारी किए जा सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में सरकार की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।