Follow Us:

स्कूल की टाई बनी मौत का फंदा, यूनिफॉर्म बदलते समय 7 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

स्कूल से लौटकर ड्रेस बदलते समय हुआ दर्दनाक हादसा
टाई की गांठ खुलने के बजाय गले में कसती गई, दम घुटने से मासूम की मौत
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, पुलिस जांच में जुटी


स्कूल से घर लौटे सात वर्षीय मासूम हर्षित की मौत उसकी स्कूल की टाई के कारण हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चा रोज की तरह स्कूल से घर आने के बाद अपने कमरे में यूनिफॉर्म बदलने गया था। इसी दौरान गले में बंधी टाई खोलते समय उसकी गांठ उल्टी दिशा में कसती चली गई। टाई का दबाव लगातार बढ़ने से बच्चे का दम घुट गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। यह घटना  हरियाणा के भिवानी जिले के फूलपुरा गांव से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। यहां

स्कूल से लौटने के बाद कमरे में बदल रहा था यूनिफॉर्म

परिजनों के अनुसार, वीरवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हर्षित स्कूल से घर लौटा था। रोज की तरह उसने घर पहुंचकर खाना खाने से पहले यूनिफॉर्म बदलने के लिए अपने कमरे का रुख किया। परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे। काफी समय तक जब बच्चा कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई और वे उसे देखने पहुंचे।

टाई खोलने की कोशिश ही बन गई जानलेवा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चे ने अपने गले में बंधी टाई की गांठ खुद खोलने का प्रयास किया। लेकिन उसे गांठ खोलने का सही तरीका नहीं पता था। जैसे-जैसे वह टाई को खींचता गया, गांठ ढीली होने के बजाय और अधिक कसती चली गई। इससे टाई का दबाव गले पर बढ़ गया और उसकी सांस रुकने लगी। कुछ ही देर में बच्चा बेहोश होकर कमरे में गिर पड़ा।

कमरे में बेसुध मिला बच्चा, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

जब परिजन कमरे में पहुंचे तो हर्षित बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। परिवार के लोग तुरंत उसे भिवानी नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और अस्पताल में भी भावुक माहौल बन गया।

टाई में इलास्टिक नहीं थी, सामान्य गांठ वाली थी

खरक पुलिस चौकी के जांच अधिकारी वीरेंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चे की टाई में इलास्टिक नहीं लगी थी, बल्कि वह सामान्य कपड़े की गांठ वाली टाई थी। आशंका है कि टाई का कसाव बढ़ने से बच्चे की श्वास नली प्रभावित हुई, जिससे दम घुटने की स्थिति बनी। पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है।

पूरे गांव में पसरा मातम

मासूम की अचानक हुई मौत से परिवार पूरी तरह सदमे में है। गांव फूलपुरा में भी घटना के बाद शोक का माहौल है। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि रोजाना स्कूल में पहनी जाने वाली एक साधारण टाई इतनी बड़ी दुर्घटना का कारण बन जाएगी। पड़ोसी और रिश्तेदार लगातार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।

पुलिस कर रही जांच, दुर्घटना मानकर आगे बढ़ रही कार्रवाई

पुलिस ने मामले की सूचना मिलने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल प्रारंभिक जांच में इसे एक दुर्घटनावश हुई घटना माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।