Follow Us:

मनाली में CBI की बड़ी कार्रवाई: एमईएस के सहायक गैरिसन अभियंता 93 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

➤ मनाली के बहांग में सीबीआई ने एमईएस के सहायक गैरिसन अभियंता को 93 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

➤ 30 लाख रुपये के लंबित बिल को पास कराने के बदले मांगा था तीन प्रतिशत कमीशन

➤ सरकारी आवास पर छापेमारी, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त, भ्रष्टाचार नेटवर्क की जांच शुरू


मनाली: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के मनाली के बहांग क्षेत्र में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज (MES) के सहायक गैरिसन अभियंता केके सोनी को 93 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर एक ठेकेदार के लगभग 30 लाख रुपये के लंबित बिल को पास कराने के बदले कुल भुगतान का तीन प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार ठेकेदार ने रिश्वत मांगने की शिकायत CBI शिमला से की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद एजेंसी ने सुनियोजित ट्रैप ऑपरेशन तैयार किया। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी अधिकारी ने 93 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, सीबीआई टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई CBI शिमला के पुलिस अधीक्षक राजेश चहल के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुमित पाल और उप पुलिस अधीक्षक गोविंद सोलंकी की टीम ने अंजाम दी। कार्रवाई के तुरंत बाद जांच एजेंसी ने आरोपी के सरकारी आवास पर भी छापेमारी की।

सरकारी आवास से नकदी और अहम दस्तावेज बरामद

देर शाम तक चली तलाशी के दौरान सीबीआई ने संदिग्ध नकदी, महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड जब्त किए हैं। एजेंसी इन दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी की कथित रिश्वतखोरी किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं थी।

रक्षा प्रतिष्ठान से जुड़े कार्यालय में कार्रवाई से मचा हड़कंप

रक्षा प्रतिष्ठान से जुड़े कार्यालय में रिश्वतखोरी का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक और सुरक्षा महकमे में भी हलचल मच गई है। CBI ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब आरोपी से पूछताछ के साथ उसके वित्तीय लेनदेन, संपत्तियों और अन्य संभावित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।