➤ पूर्व विधायक चौधरी सुरेंद्र काकू ने कांगड़ा विधायक की नीतियों पर साधा निशाना
➤ युवाओं से मुलाकात के बाद रोजगार, गरीबी और विकास को लेकर उठाए सवाल
➤ कहा- युवाओं के अधिकारों और रोजगार के लिए संघर्ष आगे भी जारी रहेगा
कांगड़ा। कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक चौधरी सुरेंद्र काकू ने क्षेत्र के मौजूदा विधायक की कार्यशैली और नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि गलत नीतियों के कारण कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र विकास के मामले में लगभग 20 वर्ष पीछे चला गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बेरोजगारी, गरीबी और महंगाई जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
पूर्व विधायक चौधरी सुरेंद्र काकू ने बताया कि उनकी राजल क्षेत्र में खेतों में कार्य कर रहे युवाओं से मुलाकात हुई। इस दौरान युवाओं ने अपनी समस्याएं साझा करते हुए कहा कि पिछले करीब 15 वर्षों से क्षेत्र का राजनीतिक नेतृत्व सरकार के साथ प्रभावी तालमेल स्थापित नहीं कर पाया, जिसका सीधा असर रोजगार और विकास कार्यों पर पड़ा है। युवाओं का कहना था कि रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरी में खेती और अन्य असंगठित कार्यों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
चौधरी सुरेंद्र काकू ने दावा किया कि चुनावों के दौरान युवाओं और बेरोजगारों से बड़े-बड़े वादे किए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने, गरीबों को पक्के मकान दिलाने और आर्थिक सहायता देने जैसे आश्वासन दिए गए, लेकिन इनमें से अधिकांश वादे धरातल पर पूरे नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि जनता अब इन वादों और वास्तविक स्थिति के बीच का अंतर महसूस कर रही है।
उन्होंने कहा कि किसी भी विधायक की प्राथमिक जिम्मेदारी क्षेत्र में रोजगार, विकास, गरीबों की सहायता, महंगाई से राहत और आवास जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान करना होता है। उनका आरोप है कि इन मोर्चों पर अपेक्षित कार्य नहीं होने के कारण क्षेत्र में विकास की गति प्रभावित हुई है और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है।
पूर्व विधायक ने कहा कि केवल सरकारों को दोष देने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि जनहित के मुद्दों पर ठोस पहल और प्रभावी प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं से बातचीत के दौरान उन्होंने उन्हें भरोसा दिलाया है कि उनके रोजगार और अधिकारों की लड़ाई आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं की अपेक्षाओं को पूरा करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है और जनता विकास, रोजगार तथा बेहतर सुविधाओं की उम्मीद लेकर अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में क्षेत्र के विकास और युवाओं के हितों के लिए उनका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।



