Follow Us:

हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 17 IAS और 22 HPAS अधिकारियों के तबादले, कई विभागों में नई जिम्मेदारियां

17 IAS और 22 HPAS अधिकारियों के तबादले, सरकार ने जारी किए आदेश
कई वरिष्ठ अधिकारियों को नए विभागों की जिम्मेदारी, कई को अतिरिक्त प्रभार
प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से तत्काल प्रभाव से लागू हुए आदेश


शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 आईएएस (IAS) और 22 हिमाचल प्रशासनिक सेवा (HPAS) अधिकारियों के तबादले एवं नई नियुक्तियों के आदेश जारी कर दिए हैं। कार्मिक विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।

जारी अधिसूचना के अनुसार अतिरिक्त मुख्य सचिव आर.डी. नजीम को गृह एवं सतर्कता विभाग के साथ-साथ एमपीपी एवं पावर (NCES) विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं देवेश कुमार को प्रधान सचिव (वित्त, योजना, अर्थ एवं सांख्यिकी तथा 20 सूत्रीय कार्यक्रम) नियुक्त किया गया है। उन्हें पशुपालन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। एम. सुधा देवी को प्रधान सचिव (वन एवं उद्योग) बनाया गया है तथा उनके पास कार्मिक विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।

सरकार ने प्रियंका बसु इंटी को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया है। आशीष सिंघमार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। डॉ. यूनुस को राज्य कर एवं आबकारी विभाग का सचिव तथा संदीप कुमार को पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा अमरजीत सिंह को शहरी विकास विभाग, विवेक भाटिया को उद्योग विभाग, राकेश कुमार प्रजापति को निदेशक पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन, डॉ. अश्वनी कुमार शर्मा को आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी, विवेक चंदेल को नगर निगम बद्दी का आयुक्त, डॉ. मधु चौधरी को विशेष सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

युवा अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। ओमकांत ठाकुर को मत्स्य विभाग का निदेशक-कम-वार्डन, अभिषेक कुमार गर्ग को एचपी स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (HPSIDC) का प्रबंध निदेशक तथा गुरसिमर सिंह को तकनीकी शिक्षा विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है। उन्हें एचपी कौशल विकास निगम का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

सरकार ने 22 HPAS अधिकारियों के भी तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। सचिन कंवल को नगर निगम शिमला का आयुक्त, भूपेंद्र कुमार को हिमाचल प्रदेश जनरल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड का प्रबंध निदेशक, ज्ञान सागर नेगी को एडीएम (प्रोटोकॉल) शिमला, ज्योति राणा को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का रजिस्ट्रार, तथा डॉ. लाइक राम वर्मा को हिमफेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

इसी तरह विकास शुक्ला को अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम हमीरपुर, सन्नी शर्मा को एसडीएम शिमला (अर्बन), विश्वा मोहन देव चौहान को एसडीएम कुपवी, ओशिन को संयुक्त निदेशक आयुष विभाग, मोहन लाल को आरटीओ शिमला, राज कुमार-II को एसडीएम बिलासपुर, पद्मा छोडोन को एसडीएम उदयपुर (लाहौल-स्पीति), नीरजा शर्मा को एसडीएम सोलन तथा अलिशा चौहान को एसडीएम करसोग (मंडी) नियुक्त किया गया है।

सरकार ने चिकित्सा शिक्षा, विश्वविद्यालय प्रशासन, पर्यटन, खेल, परिवहन, नगर निकायों और जिला प्रशासन से जुड़े कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी हैं। कुछ अधिकारियों को आगामी तैनाती के लिए कार्मिक विभाग में रिपोर्ट करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत के आदेशों से जारी इस अधिसूचना को प्रदेश में प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाने, सेवा वितरण को अधिक प्रभावी बनाने तथा विभिन्न विभागों में बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में सरकार का बड़ा कदम माना जा रहा है।