➤ हारमनी ऑफ द पाइन्स के प्रभारी विजय कुमार निलंबित, सोशल मीडिया से कमाई के आरोप
➤ डीएसपी कमल किशोर को सौंपी विभागीय जांच, तीन माह में रिपोर्ट देने के निर्देश
➤ देश-विदेश में हिमाचल पुलिस को पहचान दिलाने वाले बैंड पर कार्रवाई से पुलिस महकमे में चर्चा तेज
हिमाचल प्रदेश पुलिस के चर्चित पुलिस बैंड ‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ के प्रभारी विजय कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है। उनके निलंबन के साथ ही विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। पुलिस मुख्यालय की इस कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस महकमे में चर्चा का माहौल है, क्योंकि विजय कुमार के नेतृत्व में इस बैंड ने देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी हिमाचल पुलिस की अलग पहचान बनाई थी।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, विजय कुमार के फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सक्रिय अकाउंट हैं, जिनसे कथित रूप से आय अर्जित किए जाने के आरोप लगे हैं। इन्हीं आरोपों के आधार पर उनके खिलाफ सेंट्रल सिविल सर्विसेज (क्लासिफिकेशन, कंट्रोल एंड अपील) रूल्स, 1965 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित किया गया है।
आदेशों के मुताबिक पुलिस लाइन भराड़ी के डीएसपी कमल किशोर को मामले की विभागीय जांच सौंपी गई है। जांच अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वह पूरे मामले की जांच कर तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को सौंपें। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
हारमनी ऑफ द पाइन्स वर्ष 2022 में राष्ट्रीय स्तर पर उस समय सुर्खियों में आया था, जब निजी टीवी चैनल के लोकप्रिय टैलेंट शो ‘हुनरबाज’ में ‘हारमनी ऑफ द पाइन्स – हिमाचल पुलिस ऑर्केस्ट्रा’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया था। इस उपलब्धि के बाद हिमाचल पुलिस के इस बैंड की पूरे देश में सराहना हुई और इसे प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान के रूप में देखा जाने लगा।
विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस बैंड ने फ्रांस, इटली, कनाडा, सिंगापुर और दुबई सहित कई देशों में अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा देश के विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों और सरकारी आयोजनों में भी इस बैंड ने लगातार प्रदर्शन कर हिमाचल पुलिस की छवि को मजबूत किया। प्रदेश के लगभग सभी बड़े सरकारी और सार्वजनिक कार्यक्रमों में यह बैंड आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस बैंड द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों से प्राप्त होने वाली आय पुलिस वेलफेयर फंड में जमा कराई जाती रही है। हालांकि वर्तमान कार्रवाई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से कथित व्यक्तिगत कमाई के आरोपों को लेकर की गई है, जिसकी सच्चाई अब विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पूर्व डीजीपी संजय कुंडू के कार्यकाल में हारमनी ऑफ द पाइन्स को विशेष प्रोत्साहन मिला था। उसी दौरान बैंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदर्शन के कई अवसर प्राप्त हुए। ऐसे में इसी बैंड के प्रभारी के खिलाफ हुई निलंबन और विभागीय जांच की कार्रवाई ने पुलिस विभाग के भीतर और बाहर व्यापक चर्चा छेड़ दी है। अब सभी की नजर विभागीय जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।



