Follow Us:

वायनाडइ हादसे ने छीन लिया कांगड़ा का बेटा, छह दिन बाद मिला इंजीनियर विक्रम का शव

वायनाड भूस्खलन में लापता हिमाचल के इंजीनियर विक्रम का छह दिन बाद मिला शव

कांगड़ा के सुरेला गांव में शोक, प्रोजेक्ट कार्य के लिए केरल में थे तैनात

पोस्टमार्टम के बाद सोमवार देर शाम तक पैतृक गांव पहुंचेगा पार्थिव शरीर


कांगड़ा। केरल के वायनाड में हुए विनाशकारी भूस्खलन में लापता हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के फतेहपुर उपमंडल के सुरेला गांव निवासी विक्रम (50) का शव छह दिन बाद खोज अभियान के दौरान बरामद हो गया। इस दुखद समाचार से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

विक्रम डीवीएल कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में कार्यरत थे और कंपनी के प्रोजेक्ट के सिलसिले में वायनाड में तैनात थे। 7 जुलाई को उनका परिवार से संपर्क टूट गया था। इसके बाद परिजन लगातार उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए थे।

8 जुलाई को विक्रम के परिजन वायनाड पहुंचे और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर खोज अभियान की जानकारी लेते रहे। कई दिनों तक चले राहत एवं खोज अभियान के बाद रविवार दोपहर उनका शव बरामद किया गया।

विक्रम के भाई प्रमोद राणा ने बताया कि शव मिलने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद पार्थिव शरीर सोमवार देर शाम तक उनके पैतृक गांव सुरेला लाए जाने की उम्मीद है।

विक्रम के निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और पूरे क्षेत्र में गहरा शोक है। स्थानीय लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में संबल देने की प्रार्थना की है।