Follow Us:

शिमला में 2 यात्रियों से भरी HRTC बस दुर्घटनाग्रस्त, दो की मौत

➤ रामपुर उपमंडल के गरटोला के पास HRTC बस दुर्घटनाग्रस्त, परिचालक समेत 2 लोगों की मौत

➤ हादसे के समय बस में करीब 22 यात्री सवार थे, कई घायल खनेरी अस्पताल में भर्ती

➤ जिला प्रशासन ने शुरू की फौरी राहत, हादसे के कारणों की जांच जारी


जिला शिमला के रामपुर उपमंडल में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस के परिचालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। दुर्घटना रामपुर–खड़ाहण–कोटाधार–खोलीघाट मार्ग पर गरटोला के समीप शाम करीब 6:30 बजे हुई। हादसे के समय बस में लगभग 22 यात्री सवार थे।

जानकारी के अनुसार, HRTC की बस HP 06A 6454 अपने निर्धारित रूट पर जा रही थी। गरटोला के पास बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को सुरक्षित निकालकर महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी (रामपुर) पहुंचाया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में बस के परिचालक जय प्रकाश नेगी और 72 वर्षीय डाकू राम की मौके पर ही मौत हो गई। जय प्रकाश नेगी गांव घड़ोली, डाकघर खुनी, तहसील ननखड़ी के निवासी थे, जबकि डाकू राम गांव शाहदू, तहसील ननखड़ी के रहने वाले थे।

हादसे में घायल यात्रियों का उपचार खनेरी अस्पताल में जारी है। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम घायलों को आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रही है। प्रशासन ने उपचार व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने बताया कि राहत नियमों के तहत एक मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत राशि जारी कर दी गई है। दूसरे मृतक से संबंधित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनके परिजनों को भी राहत राशि प्रदान की जाएगी।

एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र नेगी अस्पताल में मौजूद रहकर घायलों के उपचार और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों और घायल यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।