Follow Us:

मां ब्रजेश्वरी और मां चामुंडा के आशीर्वाद से शुरू हुआ विकासपुरुष श्री जी.एस. बाली बाल मेला, पहले दिन 225 यूनिट रक्तदान

मां ब्रजेश्वरी और मां चामुंडा देवी के आशीर्वाद से आर.एस. बाली ने किया 24वें जी.एस. बाली बाल मेले का शुभारंभ

पहले दिन आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में जुटीं 225 यूनिट रक्त, आर.एस. बाली ने भी किया रक्तदान

पूर्व सांसद विप्लव ठाकुर बोलीं- विकासपुरुष जी.एस. बाली का सेवा और विकास का विजन आज भी लोगों को प्रेरित कर रहा है


नगरोटा बगवां, 24 जुलाई। विकासपुरुष स्वर्गीय श्री जी.एस. बाली की स्मृति में आयोजित 24वें जी.एस. बाली बाल मेला-2026 का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। इस वर्ष भी मेले की शुरुआत समाज सेवा के सबसे बड़े अभियान विशाल रक्तदान शिविर से की गई। एचपीटीडीसी के अध्यक्ष, नगरोटा बगवां के विधायक एवं श्री जी.एस. बाली बाल मेला समिति के मुख्य संरक्षक आर.एस. बाली ने अपने परिवार सहित मां ब्रजेश्वरी देवी मंदिर, कांगड़ा और मां चामुंडा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और नगरोटा विधानसभा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। देवी के आशीर्वाद के बाद उन्होंने बाल मेले का विधिवत शुभारंभ किया।

आर.एस. बाली ने कहा कि जी.एस. बाली बाल मेला केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज सेवा, जनभागीदारी और विकास की उस परंपरा का उत्सव है, जिसकी नींव विकासपुरुष श्री जी.एस. बाली ने रखी थी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरी बाल मेला समिति और नगरोटा विधानसभा क्षेत्र की जनता का है, जो हर वर्ष पूरे समर्पण के साथ इसे सफल बनाती है।

उन्होंने कहा कि बाल मेले का 24वां संस्करण इस बात का प्रमाण है कि विकासपुरुष जी.एस. बाली की सोच आज भी लोगों के दिलों में जीवित है। नगरोटा के लोगों का सहयोग, विश्वास और अपनापन ही इस आयोजन की सबसे बड़ी ताकत है।

225 यूनिट रक्तदान, मानवता की सेवा का बना प्रेरक उदाहरण

बाल मेले के पहले दिन ओबीसी भवन में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में युवाओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दिनभर चले इस शिविर में 225 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। रक्तदाताओं के उत्साह ने एक बार फिर साबित कर दिया कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में समाज सेवा की भावना लगातार मजबूत हो रही है।

विशेष बात यह रही कि आर.एस. बाली ने भी हर वर्ष की परंपरा को निभाते हुए स्वयं रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि “रक्तदान महादान है। एक व्यक्ति का रक्तदान कई लोगों को नया जीवन दे सकता है, क्योंकि रक्त के अलग-अलग घटकों का उपयोग अलग-अलग मरीजों के उपचार में किया जाता है।” उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं हो सकता।

उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति नियमित रूप से रक्तदान करे तो अस्पतालों में कभी रक्त की कमी नहीं होगी और अनगिनत मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।

पूर्व सांसद विप्लव ठाकुर ने किया रक्तदान शिविर का उद्घाटन

रक्तदान शिविर का उद्घाटन पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री श्रीमती विप्लव ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, बाल मेला समिति के अध्यक्ष मान सिंह, समिति के पदाधिकारी, सदस्य तथा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अपने संबोधन में विप्लव ठाकुर ने कहा कि विकासपुरुष श्री जी.एस. बाली ने अपना पूरा जीवन जनता की सेवा और विकास को समर्पित किया। उन्होंने उस समय नगरोटा विधानसभा क्षेत्र का नेतृत्व संभाला, जब यह क्षेत्र विकास की दौड़ में काफी पीछे था। अपनी दूरदर्शी सोच और मजबूत नेतृत्व के दम पर उन्होंने नगरोटा को प्रदेश के सबसे विकसित और आदर्श विधानसभा क्षेत्रों में शामिल कर दिया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में जी.एस. बाली का योगदान आज भी लोगों के सामने एक मिसाल है। जनता के अधिकारों और विकास के लिए उनके संघर्ष ने ही उन्हें ‘विकास पुरुष’ की पहचान दिलाई।

नगरोटा का विकास मॉडल पूरे प्रदेश के लिए उदाहरण : आर.एस. बाली

आर.एस. बाली ने कहा कि वे अपने पिता विकासपुरुष श्री जी.एस. बाली के अधूरे सपनों और विकास के विजन को आगे बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में इस समय करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है और आने वाले समय में यह क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

उन्होंने कहा कि नगरोटा में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल, रोजगार और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने प्रदेश के अन्य जनप्रतिनिधियों से भी नगरोटा के विकास मॉडल का अध्ययन कर उसे अपने क्षेत्रों में अपनाने का आग्रह किया।

माता का आशीर्वाद ही बाल मेले की सबसे बड़ी शक्ति

आर.एस. बाली ने कहा कि मां ब्रजेश्वरी देवी, मां चामुंडा देवी और मां नारदा शारदा के आशीर्वाद से ही प्रत्येक वर्ष यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होता है। उन्होंने प्रदेश और विशेष रूप से नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के सभी लोगों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में आयोजित होने वाले विशाल मेडिकल कैंप, रोजगार मेला, बाल मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य सामाजिक गतिविधियां भी लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगी। उन्होंने सभी नागरिकों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।