Follow Us:

विकास पुरुष जी.एस. बाली की सेवा की सोच को समाज में जीवित रख रहे हैं आरएस बाली : रजनी पाटिल

➤ रजनी पाटिल ने जी.एस. बाली की जनसेवा की परंपरा को बताया प्रेरणादायी

➤ कहा- आरएस बाली समाज सेवा और स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से निभा रहे बड़ी जिम्मेदारी

➤ देशभर के चिकित्सकों को एक मंच पर लाकर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की

➤ विकास पुरुष जी.एस. बाली बाल मेले के तीसरे दिन नि:शुल्क मेडिकल कैंप का शुभारंभ

➤ रजनी पाटिल ने किया उद्घाटन, कांग्रेस नेताओं और हजारों लोगों की रही मौजूदगी


नगरोटा बगवां ।विकास पुरुष स्वर्गीय जी.एस. बाली की स्मृति में आयोजित जी.एस. बाली बाल मेले के तीसरे दिन जनसेवा और स्वास्थ्य सेवाओं को समर्पित कार्यक्रमों ने लोगों का दिल जीत लिया। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल ने रविवार को मेले में आयोजित नि:शुल्क मेडिकल कैंप का शुभारंभ किया।

अपने संबोधन में उन्‍होंनेने कहा कि विकास पुरुष स्वर्गीय जी.एस. बाली ने अपने जीवन में जनसेवा और विकास की जो परंपरा शुरू की थी, आज उनके पुत्र आरएस बाली उसी विरासत को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी महान व्यक्तित्व को केवल श्रद्धांजलि देना अलग बात है, लेकिन उनके विचारों और सेवा की भावना को समाज में जीवित रखना सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होती है और आरएस बाली यही कार्य कर रहे हैं।

रविवार को जी.एस. बाली बाल मेले के तीसरे दिन आयोजित नि:शुल्क मेडिकल कैंप के शुभारंभ अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए रजनी पाटिल ने कहा कि इतने विशाल और सुव्यवस्थित आयोजन को देखकर वह अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी यह साबित करती है कि नई पीढ़ी सामाजिक कार्यों और जनसेवा से जुड़ने के लिए आगे आ रही है।

उन्होंने स्वर्गीय जी.एस. बाली को याद करते हुए कहा कि दिल्ली में जब भी उनसे मुलाकात होती थी, उनकी पहली चिंता हमेशा प्रदेश के विकास और आम लोगों की भलाई होती थी। विकास को लेकर उनका समर्पण और लोगों के प्रति अपनापन उन्हें अन्य नेताओं से अलग पहचान देता था।

रजनी पाटिल ने कहा कि जी.एस. बाली बाल मेले के माध्यम से जिस प्रकार स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है, वह वास्तव में मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि यहां किसी की आंखों का ऑपरेशन हो रहा है, किसी का इलाज किया जा रहा है और जरूरतमंद लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौटाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पूरे देश के प्रतिष्ठित चिकित्सकों को एक मंच पर लाकर हजारों लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना आसान कार्य नहीं है। उन्हें पहले लगा था कि इतने बड़े स्तर पर इस तरह का आयोजन करना संभव नहीं होगा, लेकिन आरएस बाली ने इसे सफलतापूर्वक कर दिखाया। यह अपने आप में समाज सेवा की एक मिसाल है।

रजनी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी की राजनीति का मूल उद्देश्य समाज में मोहब्बत, भाईचारा और मानवता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना ही सच्ची राजनीति है।

 

उन्होंने कहा कि उन्हें नगरोटा बगवां आकर बेहद खुशी हुई। भविष्य में भी वह इस आयोजन से जुड़ती रहेंगी। उन्होंने आयोजन समिति और आरएस बाली को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह बाल मेला केवल एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और मानवता का महाअभियान बन चुका है।