Follow Us:

जनता का आशीर्वाद ही हमारी सबसे बड़ी ताकत, जी.एस. बाली की सेवा की विरासत को आगे बढ़ाते रहेंगे : आरएस बाली

➤ विकास पुरुष जी.एस. बाली बाल मेले के तीसरे दिन नि:शुल्क मेडिकल कैंप का शुभारंभ
➤ रजनी पाटिल ने किया उद्घाटन, कांग्रेस नेताओं और हजारों लोगों की रही मौजूदगी
➤ 250 यूनिट रक्तदान, 30 जुलाई को 500 मोतियाबिंद ऑपरेशन का लक्ष्य
जी.एस. बाली बाल मेले के तीसरे दिन सेवा, समर्पण और जनकल्याण की मिसाल, नि:शुल्क मेडिकल कैंप का हुआ शुभारंभ


नगरोटा बगवां। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली ने कहा कि विकास पुरुष स्वर्गीय जी.एस. बाली ने जनसेवा की जो परंपरा शुरू की थी, उसे आगे बढ़ाना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोगों का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी भरोसे के साथ समाज सेवा का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली ने मुख्य अतिथि रजनी पाटिल का पारंपरिक स्वागत करते सम्‍मानित किया। उन्‍होंने कहा कि मराठा वीर भूमि से उनका बाल मेले में आना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री एवं पूर्व सांसद विप्लव ठाकुर हमेशा स्वर्गीय जी.एस. बाली के साथ एक मजबूत ढाल बनकर खड़ी रहीं और उनके बाल मेले में पहुंचने से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई।

आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा बगवां ने प्रदेश में एक नया राजनीतिक इतिहास बनाया है। यहां अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर कांग्रेस का कब्जा रहा है। बीडीसी के दोनों पदों पर भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की, जबकि नगर परिषद में भी कांग्रेस को जनता का भरपूर समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति की नहीं बल्कि क्षेत्र की जनता के विश्वास और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत है।

बाल मेले के दौरान आयोजित नि:शुल्क मेडिकल कैंप में विभिन्न अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और आवश्यक परामर्श दिया। वहीं उन्‍होंने कहा कि रक्तदान शिविर भी बाल मेले में आयोजित किया गया था। जिसमें लोगों का उत्साह देखने लायक रहा। करीब 250 लोगों ने रक्तदान किया। बड़ी संख्या में लोग रक्तदान के लिए पहुंचे, लेकिन रक्त संग्रहण की निर्धारित क्षमता पूरी होने के कारण कई इच्छुक लोगों को बाद में आने का आग्रह करना पड़ा।

आरएस बाली ने घोषणा की कि 30 जुलाई को सुबह 11 बजे ओबीसी भवन में करीब 500 मोतियाबिंद ऑपरेशन के लाभापिवंतों को जरूरी सामग्री दी जाएगी। ऑपरेशन के बाद मरीजों को नि:शुल्क चश्मे और दवाइयां भी वितरित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले आयोजन स्थल पर यह वितरण संभव नहीं होता, इसलिए इसे अलग से आयोजित किया जा रहा है ताकि मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सके।

कारगिल शहीदों को दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के दौरान कारगिल विजय दिवस पर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया और उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

बाल मेले में मनोरंजन और संस्कृति का भी संगम

जी.एस. बाली बाल मेले में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ मनोरंजन और पारिवारिक आकर्षण भी लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं। मेले में हाथी, ऊंट की सवारी, बच्चों के लिए विभिन्न झूले, जलेबी, आइसक्रीम और खानपान के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। बड़ी संख्या में परिवार मेले का आनंद लेने पहुंच रहे हैं।