Follow Us:

नगरोटा बगवां ने खोया अपना वरिष्ठ जननेता: पूर्व विधायक रामचंद भाटिया का निधन

नगरोटा बगवां के पूर्व विधायक रामचंद भाटिया का 82 वर्ष की आयु में निधन
RS बाली बोले- मेरे पिता जी भी उनका बहुत सम्मान करते थे
जयराम ठाकुर समेत कई नेताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि


कांगड़ा के नगरोटा बगवां की राजनीति के लिए बुधवार का दिन बेहद दुखद रहा। नगरोटा बगवां से तीन बार विधायक रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता चौधरी रामचंद भाटिया का 82 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, टांडा में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

रामचंद भाटिया लंबे समय तक नगरोटा बगवां की राजनीति का एक मजबूत और सम्मानित चेहरा रहे। उन्होंने तीन बार विधानसभा में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और जनसेवा के लिए अपनी अलग पहचान बनाई। उनके निधन के साथ हिमाचल प्रदेश की राजनीति ने एक अनुभवी और जनप्रिय नेता को खो दिया है।

इस दुखद समाचार पर पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक RS बाली ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आदरणीय रामचंद भाटिया उनके लिए हमेशा अत्यंत सम्माननीय रहे। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनके पिता स्वर्गीय जी.एस. बाली भी रामचंद भाटिया का बेहद सम्मान करते थे। यही कारण था कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद दोनों परिवारों के बीच हमेशा सम्मान और आत्मीयता का रिश्ता बना रहा।

RS बाली ने अपने शोक संदेश में कहा कि रामचंद भाटिया के निधन का समाचार अत्यंत मर्माहत करने वाला है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी रामचंद भाटिया के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र का तीन बार प्रतिनिधित्व करने वाले इस वरिष्ठ जननेता ने अपने सार्वजनिक जीवन में जनसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और क्षेत्र के विकास के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका सरल, सौम्य और जनसरोकारों से जुड़ा व्यक्तित्व सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

रामचंद भाटिया के निधन से नगरोटा बगवां में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में एक ऐसा शून्य पैदा हुआ है, जिसकी भरपाई आसान नहीं होगी। क्षेत्र के लोग उन्हें एक सहज, सुलभ और जनता के बीच रहने वाले नेता के रूप में हमेशा याद रखेंगे।भाजपा नेता विपन परमार, सुधीर शर्मा, पवन काजल ने भी शोक व्‍यक्‍त किया है।