Follow Us:

कंगना रनोट के निशाने पर मीडिया: ‘फेमिनिस्ट’ शब्द को बताया खोखला, ‘गटर जेनरेशन’ बयान पर बढ़ा विवाद

‘गटर जेनरेशन’ और ‘गटर छाप’ टिप्पणी पर कंगना रनोट चारों ओर से घिरीं
महिला एंकर और CJP प्रवक्ता सौरव दास पर सोशल मीडिया के जरिए किया पलटवार
मंडी समेत कई जगह विरोध प्रदर्शन, कांग्रेस ने कार्रवाई की मांग उठाई

शिमला। मंडी से भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनोट एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में हैं। नई पीढ़ी की महिलाओं को लेकर ‘गटर जेनरेशन’ और ‘गटर छाप’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करने के बाद उन्हें सोशल मीडिया और राजनीतिक दलों की तीखी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच कंगना ने एक अंग्रेजी न्यूज चैनल की महिला एंकर और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास पर भी तीखा पलटवार किया है।

कंगना ने महिला एंकर को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि “आप जैसी महिलाएं ‘फेमिनिस्ट’ शब्द को खोखला और अर्थहीन बना देती हैं। अंग्रेजी बोलने से कोई बुद्धिमान नहीं बन जाता। आपके तर्क और सोच मुझे पाखंडी और सतही लगते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि “मुझ पर परोक्ष हमला करने के बाद खुद को पीड़ित की तरह दिखाना बंद कीजिए। मैं महिलाओं का सम्मान करती हूं, लेकिन उन महिलाओं का नहीं जो युवा और भोले-भाले बच्चों को गुमराह करती हैं।”

इसी विवाद के बीच कंगना ने CJP प्रवक्ता सौरव दास पर भी निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि “28 साल की उम्र में भी सौरव खुद को छात्र बताते हैं। मैं उनकी उम्र में दो-दो राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी थी, जबकि वह बेरोजगार हैं। उन्हें कोई स्किल सीखनी चाहिए।” इससे पहले सौरव दास ने कंगना की टिप्पणियों को युवाओं के प्रति अशोभनीय बताते हुए कहा था कि भाजपा भी उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेती।

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?

विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों की मांगों के समर्थन में आयोजित प्रदर्शन के बाद कंगना ने Gen Z पीढ़ी के व्यवहार और भाषा पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि “मैंने अपनी जिंदगी में कभी इतनी बदसूरती एक साथ नहीं देखी। Gen-Z के विरोध-प्रदर्शनों के वीडियो देखकर मुझे घिन आती है। इन युवाओं की परवरिश कैसे हो रही है?”

इसके बाद कंगना ने नई पीढ़ी की महिलाओं पर लंबा पोस्ट साझा करते हुए कहा कि कुछ महिलाएं स्वतंत्र और करियर बनाने वाली महिलाओं की सिर्फ नकल करती हैं, लेकिन जिम्मेदारियां नहीं निभाना चाहतीं। उन्होंने दावा किया कि पश्चिमी सोच से प्रभावित कुछ महिलाएं नशा, शराब और कई पुरुषों के साथ संबंधों को ही स्वतंत्रता मानती हैं। इसी पोस्ट में उन्होंने ‘गटर जेनरेशन’ और ‘गटर छाप’ जैसे शब्दों का प्रयोग किया, जिसे लेकर विवाद और गहरा गया।

मंडी समेत कई जगह विरोध प्रदर्शन

कंगना के बयान के बाद सोशल मीडिया पर व्यापक विरोध देखने को मिला। हिमाचल प्रदेश के मंडी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महिला कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला फूंका। प्रदेश कांग्रेस ने भी कंगना के बयान की निंदा करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने उनके बयान को महिलाओं और युवाओं के प्रति अपमानजनक बताया है।