➤ 21 अगस्त सुबह 11 बजे से शिमला में शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र
➤ राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने संविधान के अनुच्छेद 174(1) के तहत जारी की अधिसूचना
➤ सरकार ला सकती है अहम विधेयक, विपक्ष भी कई मुद्दों पर घेरने की तैयारी में
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त 2026 से शुरू होगा। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 174(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए 14वीं विधानसभा के 12वें सत्र का आह्वान किया है। इस संबंध में विधानसभा सचिवालय ने शनिवार को अधिसूचना जारी कर दी है।
अधिसूचना के अनुसार विधानसभा का 12वां सत्र शुक्रवार, 21 अगस्त को सुबह 11:00 बजे हिमाचल प्रदेश विधानसभा भवन, शिमला में शुरू होगा। यह अधिसूचना 30 जुलाई 2026 को राज्यपाल द्वारा जारी आदेश के आधार पर 1 अगस्त को सामान्य सूचना के लिए प्रकाशित की गई है।
विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी आदेश पर सचिव यश पाल शर्मा के हस्ताक्षर हैं। अधिसूचना की प्रतियां सभी विधायकों, हिमाचल से लोकसभा और राज्यसभा सांसदों, मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, उपमुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, विभागाध्यक्षों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई हैं।
मानसून सत्र के दौरान प्रदेश सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक, वित्तीय प्रस्ताव और जनहित से जुड़े मुद्दे सदन में पेश कर सकती है। वहीं विपक्ष भी आपदा प्रबंधन, सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। ऐसे में आगामी सत्र के दौरान सदन में सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।



