➤ जयराम ठाकुर बोले- भाजपा सरकार बनने पर पहली कैबिनेट में राजनीतिक मामलों की होगी समीक्षा
➤ आधारहीन केस रद्द होंगे, गलत कार्रवाई करने वाले अधिकारियों की भी तय होगी जवाबदेही
➤ फोन टैपिंग, राजनीतिक प्रतिशोध और प्रशासन के दुरुपयोग के लगाए गंभीर आरोप
शिमला। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध और प्रशासन के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए हैं। शनिवार को शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार चाहे जितने भी राजनीतिक मामलों में भाजपा नेताओं पर केस दर्ज कर ले, लेकिन प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में ऐसे सभी मामलों की समीक्षा कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि जो मामले आधारहीन पाए जाएंगे, उन्हें रद्द किया जाएगा। साथ ही राजनीतिक दबाव में गलत तरीके से कार्रवाई करने वाले अधिकारियों की भी जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से निष्पक्षता बनाए रखने और किसी भी राजनीतिक दबाव में निर्णय नहीं लेने की अपील की।
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि भाजपा विधायकों के अलावा कुछ कांग्रेस विधायकों, उपमुख्यमंत्री और मंत्रियों के फोन भी टैप किए जा रहे हैं। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार ने विकास पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति को बढ़ावा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं और उनके परिवारों के खिलाफ विभिन्न मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई हैं तथा पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य जनप्रतिनिधियों पर भी दबाव बनाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार, वित्तीय कुप्रबंधन, सत्ता के दुरुपयोग, प्रशासनिक हस्तक्षेप और जनविरोधी फैसलों का दस्तावेजी संकलन किया जा रहा है। भाजपा इन सभी तथ्यों को एक विस्तृत चार्जशीट के रूप में जनता के सामने रखेगी और प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाएगी।



