➤ मुख्यमंत्री ने आज चौगान में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास और सरोल अस्पताल का उद्घाटन किया
➤ आज रात मिंजर मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में होंगे शामिल
➤ 3 अगस्त को चंबा दौरा समाप्त कर शिमला के लिए होंगे रवाना
चंबा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के अवसर पर चंबा में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने ऐतिहासिक चौगान मैदान में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसके बाद पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, सरोल के नए परिसर में 200 बिस्तरों की क्षमता वाले आधुनिक अस्पताल भवन का उद्घाटन किया और मेडिकल कॉलेज के फैकल्टी सदस्यों व विद्यार्थियों से संवाद भी किया।
मुख्यमंत्री ने दिन में आयोजित पारंपरिक दंगल प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण समारोह में भी मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इसके बाद वह ऐतिहासिक मिंजर शोभायात्रा में शामिल हुए और रावी नदी के तट स्थित मंजरी गार्डन में पारंपरिक मिंजर विसर्जन की रस्म अदा की।
अब मुख्यमंत्री आज रात आयोजित होने वाली मिंजर मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान प्रदेश और देशभर के प्रसिद्ध कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर मिंजर स्मारिका का विमोचन भी करेंगे।
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि समापन समारोह को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। अंतिम सांस्कृतिक संध्या में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 3 अगस्त को सुबह चंबा से शिमला के लिए रवाना होंगे।



