Follow Us:

CM सुक्खू का जयराम पर पलटवार: भ्रष्टाचार करने वाला कितना भी बड़ा हो, नहीं बचेगा

मुख्यमंत्री बोले- भ्रष्टाचार पर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति, किसी दोषी को नहीं मिलेगी राहत
भाजपा विधायक की संपत्ति पर उठाए सवाल, कहा- आय और संपत्ति का स्रोत सार्वजनिक करें
जयराम ठाकुर पर निशाना, बोले- सरकार गिराने के सपने दिन में देख रहे हैं


चंबा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार में शामिल व्यक्ति चाहे कितना भी प्रभावशाली या बड़ा क्यों न हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सरकार कानून के दायरे में रहकर निष्पक्ष कार्रवाई करेगी और दोषियों को जवाबदेह बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के एक विधायक की कथित 50 से 100 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यदि उन पर ऐसे आरोप लग रहे हैं तो उन्हें अपनी आय और संपत्ति का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच के बाद सच्चाई स्वयं सामने आ जाएगी और किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होगा।

सुक्खू ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने नेताओं और विधायकों को बचाने के लिए विभिन्न हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित लोगों को आरोप निराधार लगते हैं तो उन्हें जांच में पूरा सहयोग देना चाहिए। सरकार किसी भी मामले में राजनीतिक दबाव में नहीं आएगी और कानून अपना काम करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार से अर्जित अवैध संपत्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कानून के तहत जब्त की गई संपत्तियों का उपयोग गरीब परिवारों, युवाओं, बेसहारा बच्चों की शिक्षा और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेताओं के खिलाफ दर्ज मामलों में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई हुई है।

मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के हालिया बयानों पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सरकार बदलने और मामलों को वापस लेने की बातें केवल दिन में देखे जा रहे सपने हैं। प्रदेश सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है और भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।