Follow Us:

तीन राज्यों के उपचुनाव नतीजे: बांकीपुर से प्रशांत किशोर जीते, भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष की सीट से मिली हार

बांकीपुर में प्रशांत किशोर ने भाजपा को 19,324 वोटों से हराया
मध्य प्रदेश के दतिया में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह विजयी
गुजरात के मंजलपुर में भाजपा ने 30,630 वोटों से दर्ज की बड़ी जीत


नई दिल्ली/पटना/भोपाल/अहमदाबाद। बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजे घोषित हो गए हैं। तीनों राज्यों में अलग-अलग दलों ने जीत दर्ज की है। सबसे ज्यादा चर्चा बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट की रही, जहां जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भाजपा उम्मीदवार को हराकर बड़ी राजनीतिक जीत हासिल की।

बांकीपुर सीट पर प्रशांत किशोर ने 19,324 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें 64,151 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 44,827 वोट प्राप्त हुए। यह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की पारंपरिक सीट रही है। नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद यहां उपचुनाव कराया गया था।

मतगणना के दौरान चुनाव आयोग की वेबसाइट पर राउंड की संख्या को लेकर तकनीकी गड़बड़ी भी देखने को मिली। पहले 31 राउंड की गिनती दिखाई गई, फिर अचानक 32 और 36 राउंड प्रदर्शित हुए। बाद में वेबसाइट पर फिर 32 राउंड की जानकारी अपडेट की गई।

वहीं, मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने 6,016 वोटों से जीत दर्ज की। भाजपा ने यहां पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा था। आशुतोष तिवारी अपने ही क्षेत्र में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके।

गुजरात के मंजलपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार सतेन्द्रभाई (सतीश) पटेल ने 30,630 वोटों के बड़े अंतर से कांग्रेस के भिखाभाई रबारी को हराकर जीत हासिल की। तीनों विधानसभा सीटों पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था।

इन उपचुनाव नतीजों को आगामी चुनावों से पहले राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। विशेष रूप से बांकीपुर में प्रशांत किशोर की जीत ने बिहार की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।